15 बीघा से अधिक जमीन पर हो रही थी अवैध प्लॉटिंग, निर्माणकर्ताओं में मचा हड़कंप
गाजियाबाद। मुरादनगर क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने प्रभारी के नेतृत्व में तीन अवैध कॉलोनियों में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इन स्थानों पर 15 बीघा से अधिक जमीन पर बिना अनुमति के प्लॉटिंग किए जाने की शिकायत थी।जीडीए के अनुसार, पहली कार्रवाई ग्राम मोरटा के खसरा नंबर 690, शाहपुर मार्ग पर एचआरआईटी के पीछे राइस मिल के पास की गई। यहां दुहाई निवासी अंकित त्यागी और महेश त्यागी द्वारा करीब पांच बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। दूसरी जगह ग्राम असालतनगर के खसरा नंबर 86 में करीब 7,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में प्लॉटिंग की जा रही थी। यहां मुकेश त्यागी, आदेश त्यागी और सचिन त्यागी द्वारा निर्माण एवं विकास कार्य कराए जाने की बात सामने आई। तीसरी कार्रवाई ग्राम मोरटा, मुरादनगर के खसरा नंबर 622 में की गई। यहां दिनेश त्यागी पुत्र कुंवरपाल और प्रवीण त्यागी द्वारा करीब 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। इसके अलावा शोभापुर बंबा रोड, ग्राम असालतनगर के उत्तर दिशा में माइकल प्रधान द्वारा करीब 7,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में भी अवैध प्लॉटिंग किए जाने पर कार्रवाई की गई।
सड़क, प्लॉट और बाउंड्रीवॉल का हो रहा था निर्माण: जीडीए की टीम के मुताबिक, इन स्थानों पर जमीन में मिट्टी भरने के साथ-साथ ईंटों से प्लॉट की चिनाई, सड़क निर्माण और बाउंड्रीवॉल बनाने का काम किया जा रहा था। इन विकास कार्यों के लिए प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। कार्रवाई के दौरान स्थानीय बिल्डरों और कॉलोनी विकसित करने वालों ने विरोध करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी।
अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई: ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान असिस्टेंट इंजीनियर, जूनियर इंजीनियर, प्रवर्तन जोन-2 के कर्मचारी, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अनधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्राधिकरण के अनुसार, अगले महीने भी अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने और अवैध गतिविधियों वाले स्थलों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
गाजियाबाद