लोनी में तीन माह के बच्चे की चोरी के मामले में फरार महिला गिरफ्तार

टीलामोड़ पुलिस ने गरिमा गार्डन से दबोचा, आठ आरोपी पहले जा चुके हैं सलाखों के पीछे

गाजियाबाद।
टीलामोड़ थाना पुलिस ने तीन माह के बच्चे की चोरी के मामले में फरार चल रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गरिमा गार्डन स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सामने से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सितारा पत्नी शहजाद, निवासी कांधला, जनपद शामली, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामला 11 अगस्त 2026 का है। करन गेट क्षेत्र निवासी फुरकान ने थाना टीलामोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका तीन माह का बच्चा चोरी हो गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मकान में किराये पर रहने वाले नौशाद और उसकी पत्नी रुखसार बच्चे को चोरी करके ले गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 
12 अगस्त को बरामद हुआ था बच्चा: दरअसल 11 अगस्त को फुरकान नामक व्यक्ति ने टीला मोड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 अगस्त को उसके तीन महीने के बेटे अलवक्श का नौशाद और उसकी पत्नी रुकसार ने अपहरण कर लिया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने हिण्डन नदी चौकी क्षेत्र के फर्रुखनगर से 12 अगस्त को आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में कथित रूप से शामिल एनुल, नसीम, नौशाद, नागेन्द्र, मौसीना, आविद, रुखसार और सुमित्रा को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए तीन माह के बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया था। मामले की जांच आगे बढ़ने पर मुकदमे में मानव तस्करी और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई। हालांकि, इसी मामले में आरोपी सितारा फरार चल रही थी। 
पूछताछ में बच्चों की चोरी का दावा: पुलिस ने चेकिंग के दौरान सूचना के आधार पर सितारा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर बच्चों को चोरी करते थे और जरूरतमंद लोगों को बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, सितारा के खिलाफ टीलामोड़ थाने में इसी मामले से संबंधित मुकदमा दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब कथित गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा बच्चों की खरीद-फरोख्त से संबंधित नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार महिला के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने