डासना में हाईटेक कॉलेज के सामने स्कूटी सवार दो युवकों ने बस को बनाया निशाना, रुपये के लेनदेन के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला
गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एनएच-9 पर सवारियों से भरी एक बस पर स्कूटी सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। डासना स्थित हाईटेक कॉलेज के सामने मेरठ की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई इस वारदात में बस में सवार हेल्पर और बस मालिक का दोस्त गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद चालक बस को आध्यात्मिक नगर पुलिस चौकी लेकर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।घायलों की पहचान बदायूं निवासी 25 वर्षीय तालिब हुसैन और 42 वर्षीय कमरुद्दीन के रूप में हुई है। तालिब के कंधे के पास गोली लगी, जबकि कमरुद्दीन की गर्दन में गोली लगी। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया।
स्कूटी से पीछा कर रहे थे हमलावर: पुलिस के मुताबिक, बस दिल्ली के उस्मानपुर से बदायूं के उसैत के लिए चलती है। बस चालक सरफूद्दीन ने पुलिस को बताया कि बस मालिक का रुपये-पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। चालक के अनुसार, सोमवार रात दो युवक स्कूटी से बस का पीछा कर रहे थे। आरोप है कि लालकुआं से आगे दोनों युवकों ने कई बार बस को रोकने और हमला करने का प्रयास किया। बस जब डासना स्थित हाईटेक कॉलेज के सामने पहुंची तो दोनों हमलावर स्कूटी से बस के बराबर आए और कंडक्टर की तरफ कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गोलियां लगने से बस में मौजूद तालिब हुसैन और कमरुद्दीन घायल हो गए।
पुलिस ने शुरू की हमलावरों की तलाश: घटना की सूचना मिलते ही मसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को चौकी पर खड़ा कराया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। बस चालक मौहम्मद आरिफ पुत्र मौहम्मद अनीस निवासी उस्मानपुर दिल्ली ने स्कूटी सवार आरोपी अरसलान व एक अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। डीसीपी देहात सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ ही फायरिंग के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में बस मालिक के रुपये-पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Tags
गाजियाबाद