आईटीएमएस से 1.26 लाख से अधिक हुए चालान, हर सबजोन में तैनात होगा इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल
गाजियाबाद। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जाम से आम लोगों को राहत दिलाने के लिए बुधवार को पुलिस आयुक्त जे0 रविन्द्र गौड़ की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले महीने की प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए हर शुक्रवार-शनिवार ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाने समेत कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था/यातायात), पुलिस उपायुक्त (यातायात), अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात), सभी सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) और यातायात निरीक्षक मौजूद रहे। बैठक में पुलिस प्रबंधन और अन्य कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जैब्रा लाइन का उल्लंघन करने वालों को किया जाएगा जागरूक: बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रत्येक सप्ताह के अंत में शुक्रवार और शनिवार शाम विशेष ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की सघन जांच की जाएगी। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर संबंधित चालक के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य नशे में वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर बनी जैब्रा लाइनों के पालन को लेकर भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। रेड लाइट होने पर वाहन चालकों को जैब्रा लाइन के पीछे वाहन रोकने के लिए पीए सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की जाएगी।
प्रवर्तन की कार्रवाई जारी रहेगी, सूचना पर तत्काल पहुंचेगी ट्रैफिक पुलिस: यातायात पुलिस के अनुसार शहर में बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग और रेड लाइट का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आईटीएमएस के माध्यम से अब तक 1,26,105 चालान किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी विशेष सतर्कता और प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी। जाम की स्थिति में तत्काल यातायात व्यवस्था सामान्य कराने के लिए प्रत्येक सबजोन में एक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) तैनात किया जाएगा। सबजोन के किसी भी हिस्से में जाम की सूचना मिलते ही संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचेगी और यातायात को सुचारु कराने का काम करेगी।
08 सबजोन में यातायात कार्यालय का काम पूरा: यातायात निरीक्षकों के दैनिक कार्यों को व्यवस्थित करने के लिए प्रत्येक सबजोन में एक-एक यातायात कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, 08 सबजोन में कार्यालयों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि लोनी सबजोन के कार्यालय का शेष कार्य भी आगामी दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। आम लोगों के दैनिक आवागमन को सुगम बनाने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम और यातायात की स्थिति की जानकारी यातायात पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नियमित रूप से अपडेट की जाएगी। इससे वाहन चालक अपने मार्ग और यात्रा की योजना यातायात की ताजा स्थिति के अनुसार बना सकेंगे।
Tags
गाजियाबाद