ग्रैंडहैक आईपीईसी 2026 में 2,895 पंजीकरणों के बाद 300 प्रतिभागियों का चयन, ऑस्ट्रेलिया और चीन से भी आए आवेदन
साहिबाबाद। इंदरप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईपीईसी), गाजियाबाद में आयोजित 24 घंटे के राष्ट्रीय हैकाथॉन ‘ग्रैंडहैक आईपीईसी 2026’ का भव्य शुभारंभ एवं समापन हुआ। आयोजन में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया और चीन से भी प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया। कुल 2,895 पंजीकरणों में से दो चरणों की स्क्रीनिंग के बाद 300 प्रतिभागियों का चयन किया गया। हैकाथॉन में प्रतिभागियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, साइबर सिक्योरिटी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, वेब3 और ब्लॉकचेन सहित विभिन्न क्षेत्रों में वास्तविक जीवन की चुनौतियों के तकनीकी समाधान विकसित किए। 24 घंटे तक चली प्रतियोगिता में युवाओं ने नवाचार, टीमवर्क, नेतृत्व और समस्या-समाधान क्षमता का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। मुख्य अतिथि पीडब्ल्यूसी इंडिया के एसोसिएट डायरेक्टर मनीष कुमार सैनी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करना आज के युवाओं के लिए आवश्यक है। आईपीईसी के वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल ने कहा कि 24 घंटे का हैकाथॉन विद्यार्थियों की प्रतिभा, धैर्य, टीम भावना और नवाचार क्षमता को परखने का प्रभावी मंच है। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) देवेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि आईपीईसी नवाचार, उद्यमिता और तकनीकी उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। निदेशक प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट आकांक्षा अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान रोजगार बाजार में तकनीकी ज्ञान के साथ टीमवर्क, नेतृत्व, रचनात्मक सोच और समस्या-समाधान जैसे व्यावहारिक कौशल भी महत्वपूर्ण हैं। डीन सीएसई एवं संबद्ध शाखाएं प्रो. (डॉ.) सुनीता यादव ने प्रतिभागियों को नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन समन्वयक डॉ. अरविंद तिवारी ने बताया कि हैकाथॉन का उद्देश्य युवाओं के विचारों को प्रोटोटाइप और उपयोगी तकनीकी समाधानों में बदलने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। विशेषज्ञों के मूल्यांकन के बाद एकेटीयू से संबद्ध महाविद्यालय की टीम ‘डिजिटल नोमैड्स’ ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 25 हजार रुपये नकद, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, गाजियाबाद की टीम ‘टेंसर टाइटन्स’ ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। टीम को 15 हजार रुपये, जबकि दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल की टीम ‘बंटी बबली’ को तीसरे स्थान के लिए 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
आयोजकों ने सभी 300 प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र, उपहार तथा प्रायोजकों की ओर से विभिन्न सदस्यताएं और डिजिटल सुविधाएं प्रदान कीं। हैकाथॉन का आयोजन हैकशास्त्र आईपीईसी के तत्वावधान में किया गया। संस्थापक उदय शर्मा के नेतृत्व में अफ्फान खान, तनमीत सिंह सहित पूरी टीम ने आयोजन के तकनीकी संचालन, प्रतिभागी समन्वय और व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में आईपीईसी के शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्र स्वयंसेवकों, निर्णायकों, मार्गदर्शकों, प्रायोजकों और आयोजन समिति का भी योगदान रहा।
Tags
गाजियाबाद