भगवत भक्ति से होती है ज्ञान की प्राप्ति: पंडित मनीष कृष्ण महाराज

साहिबाबाद गांव में श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन वामन भगवान, भक्त प्रहलाद और ध्रुव की भक्ति का किया वर्णन

गाजियाबाद। 
वार्ड नंबर-40 के साहिबाबाद गांव में चल रही श्रीमद्भागवत ज्ञान कथा के तीसरे दिन कथा व्यास पंडित मनीष कृष्ण महाराज ने भगवान वामन, भक्त प्रहलाद और भगवान के अन्य भक्तों की कथाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति से मनुष्य को ज्ञान की प्राप्ति होती है और सच्ची श्रद्धा एवं भक्ति से ही प्रभु की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।
कथा व्यास ने भगवान वामन के प्रसंग का सुंदर वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को उनकी लीला और संदेश से अवगत कराया। इसके साथ ही भक्त प्रहलाद की अटूट भक्ति का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि विपरीत परिस्थितियों में भी प्रहलाद ने भगवान के प्रति अपनी आस्था नहीं छोड़ी। कथा में ध्रुव सहित भगवान के अन्य भक्तों की भक्ति और उनके जीवन प्रसंगों का भी विस्तार से वर्णन किया गया। श्रीमद्भागवत कथा सुनने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा पंडाल में पहुंच रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, कथा के प्रत्येक दिन भक्तों की संख्या बढ़ रही है। साहिबाबाद गांव में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में स्थानीय नागरिक और भागवत प्रेमी श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ शामिल हो रहे हैं। कथा व्यास द्वारा प्रतिदिन भगवान की विभिन्न लीलाओं और भक्तों के प्रसंगों का वर्णन किया जा रहा है, जिससे कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर है। 
108 श्रीमद्भागवत कथाओं का लिया संकल्प: 
पंडित मनीष कृष्ण महाराज ने 108 श्रीमद्भागवत कथाएं करने का संकल्प लिया है। साहिबाबाद गांव में आयोजित यह उनकी 100वीं श्रीमद्भागवत कथा है। इस आयोजन में गांव के संभ्रांत नागरिकों और भागवत प्रेमियों का सहयोग मिल रहा है। कथा व्यास पंडित मनीष कृष्ण महाराज और उनकी टीम ने सभी सहयोगियों एवं कथा श्रवण करने पहुंचे श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा पंडाल में पहुंचकर भगवान की कथा का श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी कारणवश आयोजन में सहयोग नहीं कर पा रहे हैं, वे भी कथा पंडाल में पहुंचकर भगवान की कथा जरूर सुनें। उन्होंने श्रद्धालुओं से श्रद्धा, शक्ति और भक्ति भाव के साथ आयोजन में सहभागी बनने की अपील की।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने