भारत मंडपम में 'लिविंग द गीता मूवमेंट' का भव्य शुभारंभ

सद्गुरु साक्षी श्री की पुस्तक 'लाइफ-चेंजिंग महा मंत्राज' का हुआ लोकार्पण, गीता के संदेशों को जीवन में उतारने का आह्वान 

नई दिल्ली।
भारत मंडपम में 27 सितंबर 2026 को साइंस डिवाइन फाउंडेशन की ओर से 'लिविंग द गीता मूवमेंट' का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सद्गुरु साक्षी श्री की पुस्तक 'लाइफ-चेंजिंग महा मंत्राज : द आर्ट ऑफ लिविंग द गीता' का लोकार्पण किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य भगवद्गीता के सिद्धांतों और संदेशों को केवल पढ़ने तक सीमित न रखते हुए उन्हें दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश देना रहा। कार्यक्रम में भारत सरकार के रक्षा मंत्री 'राजनाथ सिंह' मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं सांसद 'सुधांशु त्रिवेदी' तथा प्रख्यात इतिहासकार एवं लेखक 'डॉ. विक्रम संपत' विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सद्गुरु साक्षी श्री ने भगवद्गीता के जीवनोपयोगी संदेशों और उसके व्यावहारिक पक्ष पर विस्तार से अपने विचार रखे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 'गीता संजीवनी' रूपी इस महामंत्र पुस्तक की सराहना करते हुए भारत के गौरवशाली अतीत, स्टार्टअप्स और वैज्ञानिक उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गीता का ज्ञान आज के बदलावों से भरे युग में भी समाज और राष्ट्र को सही दिशा दिखाने में पूरी तरह सक्षम है।
सद्गुरु साक्षी श्री ने गीता के ज्ञान को जीवन में उतारने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बताया कि गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ के रूप में पढ़ने की वस्तु नहीं, बल्कि जीवन को समझने और उसे बेहतर ढंग से जीने का मार्गदर्शन प्रदान करती है। इसी विचार को केंद्र में रखते हुए 'लिविंग द गीता मूवमेंट' की शुरूआत की गई है।
ज्ञान, अभ्यास और समुदाय पर आधारित पहल: 'लिविंग द गीता मूवमेंट' के माध्यम से गीता के ज्ञान को तीन स्तरों—'ज्ञान, अभ्यास और समुदाय'—के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की पहल की गई है। इसके अंतर्गत 'महा मंत्रों', साधना और सामुदायिक अध्ययन के माध्यम से गीता की शिक्षाओं को रोजमर्रा के जीवन में अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य लोगों को गीता के सिद्धांतों से जोड़कर उन्हें व्यवहारिक जीवन में लागू करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि आध्यात्मिक ज्ञान केवल अध्ययन तक सीमित न रहकर आचरण का हिस्सा बन सके।
पुस्तक में आधुनिक जीवन से जोड़े गए गीता के सिद्धांत:
इस अवसर पर लोकार्पित सद्गुरु साक्षी श्री की पुस्तक 'लाइफ-चेंजिंग महा मंत्राज : द आर्ट ऑफ लिविंग द गीता' में भगवद्गीता के प्रमुख सिद्धांतों को आधुनिक जीवन की परिस्थितियों से जोड़कर प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक में 'निष्काम कर्म, स्थितप्रज्ञता और स्वधर्म' जैसे विषयों के साथ 'साक्षी साधना' को भी प्रमुखता दी गई है। कार्यक्रम का मूल संदेश रहा—'गीता को सिर्फ पढ़ना नहीं, गीता को जीना है।' आयोजकों ने कहा कि 'लिविंग द गीता मूवमेंट' के माध्यम से गीता के ज्ञान को व्यवहार, साधना और जीवनशैली से जोड़ने की दिशा में व्यापक पहल की शुरूआत हुई है।
पत्रकारों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने लिया हिस्सा: करीब तीन घंटे चले इस कार्यक्रम में 'आज का प्रहरी के कार्यकारी संपादक डीपी मिश्र, दार्शनिक संपादक डॉ. केपी मिश्रा, रबीन्द्र तिवारी 'मृदुल महाराज', डॉ. मनोज कुमार दूबे, हीरा लाल गुप्ता, पत्रकार मंगल सिंह तथा अभिमन्यु सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सद्गुरु साक्षी श्री का प्रवचन सुना और उनके संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सद्गुरु साक्षी श्री को पुस्तक के लोकार्पण और 'लिविंग द गीता मूवमेंट' की शुरूआत पर शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। कार्यक्रम के दौरान भगवद्गीता के संदेशों को जीवन व्यवहार से जोड़ने और समाज तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने