पहली मंजिल के निर्माण के दौरान हुआ हादसा, दो मजदूर घायल; मौके पर राहत-बचाव कार्य जारी
पूर्वी दिल्ली। ताहिरपुर इलाके में मंगलवार शाम मकान का छज्जा और दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबकर मकान मालिक की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर घायल हो गए। हादसे की सूचना पुलिस को शाम करीब 3:52 बजे मिली। घटना 202, गली नंबर-2, राजीव गांधी कैंसर अस्पताल के सामने की बताई गई है। सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर दो वाटर टेंडर और एक आईआरटी टीम को भेजा गया। एसटीओ देशपाल और एसओ सुरेंद्र भी मौके पर पहुंचे।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान में पहली मंजिल का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान दीवार छत पर गिर गई, जिससे छत का हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। भूतल पर बेकरी संचालित थी और हादसे के समय मकान मालिक सतीश बेकरी में काम कर रहा था। मलबे में दबने से उसकी मौत हो गई। हादसे में दो मजदूर महेंद्र और पप्पू भी घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। राहत-बचाव दल ने मलबा हटाने का काम शुरू किया। शाम करीब 5:25 बजे तक मलबा हटाने की कार्रवाई तेजी से जारी थी। प्रारंभिक तौर पर निर्माण को अवैध बताए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें हादसे के कारणों और निर्माण से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही हैं।
Tags
दिल्ली