आरोपी पर दर्जन भर मुकदमे,चोरी की बाइक और तमंचा बरामद
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में एक वांछित स्नैचर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने भागने के दौरान पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी के विरुद्ध दर्जन भर मुकदमे दर्ज हैं।
एसीपी सूर्यबली मौर्य के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को इंदिरापुरम थाना पुलिस टीम सेक्टर-1 वसुंधरा टी-प्वाइंट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हिंडन की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को चेकिंग करते देखकर बाइक सवार ने अचानक मोटरसाइकिल पीछे मोड़ी और भागने लगा। पुलिस टीम ने संदेह होने पर उसका पीछा किया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आमिर अली उर्फ अमन पुत्र रफीक, निवासी चिल्ला गांव, मयूर विहार फेज-1, दिल्ली, उम्र करीब 24 वर्ष बताया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
एसीपी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी इंदिरापुरम थाने के मुकदमा अपराध संख्या 784/2026 में धारा 109(1)/317(2) बीएनएस तथा आयुध अधिनियम की धाराओं में वांछित था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी सुहैल के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में चैन स्नैचिंग, मोबाइल स्नैचिंग और बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी के अनुसार, वारदातों में मिलने वाले चैन और मोबाइल बेचकर प्राप्त रकम को खाने-पीने और अपने शौक पर खर्च करते थे। उसने करीब एक महीने पहले कविनगर थाना क्षेत्र में भी स्नैचिंग की घटना करना बताया है।
चोरी की बाइक और पीली धातु का टुकड़ा बरामद: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पीली धातु का टुकड़ा कविनगर थाना क्षेत्र से संबंधित है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आमिर अली के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में लूट, स्नैचिंग, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और उसके साथी सुहैल की भूमिका के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
Tags
गाजियाबाद
