दिल्ली में ड्रग सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई, पार्वती गिरोह का अंतरराज्यीय नेटवर्क ध्वस्त

1 किलो स्मैक और 600 ग्राम पावर कट पाउडर बरामद, राजस्थान से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार; 57 लाख नकद, सोना-चांदी और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज जब्त

नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस के आउटर नॉर्थ जिले ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नरेला की कुख्यात बीसी पार्वती द्वारा संचालित कथित ड्रग सिंडिकेट के अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में पार्वती, उसके करीबी सहयोगी शानू उर्फ विकास और राजस्थान के प्रतापगढ़ से कथित मुख्य सप्लायर साहब खान को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में स्मैक, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
आउटर नॉर्थ जिले के पुलिस उपायुक्त शोभित डी. सक्सेना ने मंगलवार को ऑपरेशन का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस की कार्रवाई ड्रग नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज तक पहुंचने के उद्देश्य से की गई थी।
नरेला में छापेमारी से खुला नेटवर्क: पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में छापेमारी की गई। इस दौरान कथित ड्रग तस्कर पार्वती और उसके करीबी सहयोगी शानू उर्फ विकास को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो स्मैक और 600 ग्राम पावर कट पाउडर बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि शानू उर्फ विकास पार्वती के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करता था। वह उसके साथ रहता था और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उसे संभावित कार्रवाई की जानकारी देता था। पुलिस के अनुसार, वह पार्वती के निजी और कारोबारी काम भी संभालता था। 
प्रतापगढ़ तक पहुंची ड्रग्स की सप्लाई लाइन, संपत्ति जब्त: पार्वती और विकास से पूछताछ के दौरान पुलिस को ड्रग नेटवर्क के कथित मुख्य सप्लायर के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम राजस्थान के प्रतापगढ़ पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 27 वर्षीय साहब खान को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 265 ग्राम अतिरिक्त स्मैक बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार, साहब खान और पार्वती से पूछताछ के बाद कथित तौर पर नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति और काली कमाई से जुड़े सुराग मिले। इसके आधार पर आरोपियों के ठिकानों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 57 लाख रुपये नकद, 350 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 150 ग्राम चांदी के आभूषण, करीब 2.5 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों के दस्तावेज, एक एसयूवी और एक कार जब्त किए जाने की जानकारी दी है।
25 किलो गांजा भी बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार: ड्रग सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में पुलिस ने दो अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की। इस दौरान 25 किलो गांजा बरामद कर तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक वैगनआर कार और एक स्कूटी भी जब्त की है।डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने कहा कि जांच में यह सामने आया है कि कथित सिंडिकेट युवाओं और आम लोगों को मादक पदार्थों की गिरफ्त में धकेलकर आर्थिक लाभ हासिल कर रहा था। पुलिस का कहना है कि ड्रग तस्करी के खिलाफ कार्रवाई केवल मुख्य आरोपियों तक सीमित नहीं रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के साथ-साथ उनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज, सहयोगियों और नेटवर्क को मदद पहुंचाने वालों की भूमिका की भी जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने