डीसीपी ऋजुल ने इंदिरापुरम में की समीक्षा बैठक, संवेदनशील इलाकों में गश्त और पुलिस मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश
गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने निगरानी और गश्त बढ़ाने की रणनीति तैयार की है। इसी क्रम में डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने इंदिरापुरम में सभी चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।बैठक में अधिकारियों ने इलाके में अपराध की स्थिति, जनसुरक्षा और पुलिस की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा की। डीसीपी ने चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी लगातार मजबूत रखी जाए, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
संदिग्ध गतिविधियों पर रखें कड़ी नजर: डीसीपी ने अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के साथ ही सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने को भी कहा गया। उन्होंने कहा कि चौकी स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ने से अपराध की रोकथाम में प्रभावी परिणाम मिलेंगे। इसके लिए बीट पुलिसिंग को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया।
लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी के निर्देश: बैठक में लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। डीसीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित विवेचनाओं और मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए। साथ ही शिकायत लेकर आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। डीसीपी ऋजुल ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहकर अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
Tags
गाजियाबाद