इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़ के बाद स्नैचर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और तमंचा बरामद

आरोपी पर दिल्ली एनसीआर में दर्ज हैं  एक दर्जन से अधिक मुकदमे

गाजियाबाद।
इंदिरापुरम थाना पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के बाद एक कथित स्नैचर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की टीवीएस रेड मोटरसाइकिल, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस के अलावा पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 को इंदिरापुरम थाना पुलिस की टीम 5/6 पुश्ता रोड पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कनावनी पुस्ते की तरफ से बाइक सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह बाइक पीछे मोड़कर भागने लगा। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुनासिर उर्फ मुनाजिर पुत्र मोईन अहमद, निवासी गरिमा गार्डन, साहिबाबाद, उम्र करीब 23 वर्ष बताया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
दिल्ली-एनसीआर में स्नैचिंग की वारदातों का दावा: 
एसीपी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में स्कूटी और मोटरसाइकिल बदल-बदलकर चेन और मोबाइल स्नैचिंग करने की बात बताई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने करीब दो सप्ताह पहले इंदिरापुरम क्षेत्र में भी चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, वारदातों में मिले मोबाइल और चेन आदि बेचकर प्राप्त रकम को आरोपी खाने-पीने और अपने शौक पर खर्च करता था।
एसीपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी और आरोपी के आपराधिक इतिहास के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने