ईस्टर्न पेरिफेरल पर कार में मिला लापता डॉक्टर का शव, सुसाइड नोट और सिरिंज मिलने से जांच तेज

गाजियाबाद।
मुरादनगर थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक कार में डॉक्टर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजनगर एक्सटेंशन की वीवीआईपी मंगल सोसायटी निवासी डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज के रूप में हुई है। वह दिल्ली के लाजपत नगर स्थित एक निजी अस्पताल में वेटरनरी सर्जन के तौर पर कार्यरत थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह सूचना मिली कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर एक ब्रेजा कार काफी देर से एक ही स्थान पर खड़ी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कार के सभी दरवाजे लॉक थे और शीशे भी बंद थे। पुलिस ने शीशा तोड़कर कार खोली तो ड्राइविंग सीट पर डॉ. शिवम का शव मिला। कार में मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान हुई। 
मंगलवार सुबह घर से निकले थे: परिजनों के अनुसार, डॉ. शिवम मंगलवार सुबह करीब 10 बजे रोजाना की तरह कार से दिल्ली स्थित अस्पताल जाने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका और मोबाइल फोन भी बंद मिला। परिजनों ने नंदग्राम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया कि शिवम के कमरे से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उन्होंने परिजनों और परिचितों से माफी मांगते हुए विदाई की बात लिखी थी। हालांकि, उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। 
हाथ में लगी थी कैनुला, कार से मिली सिरिंज: 
एसीपी मसूरी सुनील कुमार के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में डॉक्टर के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। उनके हाथ में कैनुला लगा हुआ था और कार से एक सिरिंज भी बरामद हुई है। पुलिस को आशंका है कि उन्होंने किसी दवा का अधिक मात्रा में सेवन किया हो सकता है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने हत्या या अपहरण की आशंका से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस डॉक्टर की मौत के कारणों और उनके घर से निकलने के बाद की गतिविधियों की जांच कर रही है।
नोट में लिखा- सॉरी श्रेयांश, मम्मी-पापा और प्राची: घर से एक सुसाइड नोट भी मिला है। आशंका है कि चिकित्सक ने किसी दवा की अधिक मात्रा ले ली, जिससे उनकी मौत हुई। पिता गोपाल स्वरूप ने बताया कि डॉ. शिवम उनके इकलौते बेटे थे। वह दिल्ली के लाजपत नगर-चार, विनोबापुरी स्थित क्राउन वेट अस्पताल में वेटनरी सर्जन के पद पर तैनात थे। 29 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 10 बजे रोजाना की तरह घर से निकलने से पहले वह अपने नौ माह के बेटे श्रेयांश के पास गए और उसे चूमा। इसके बाद पिता के पास पहुंचे, उनके पैर छुए, गले मिले और माथे पर चुंबन कर अलविदा कहा। गोपाल स्वरूप के मुताबिक, तब उन्हें जरा भी आभास नहीं था कि बेटे को आखिरी बार देख रहे हैं। शिवम के घर से निकलने के बाद दोपहर में उन्हें एक टेबल पर उसका लिखा सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा था, ‘सॉरी श्रेयांश, सॉरी मम्मी-पापा और प्राची, अलविदा।’ दो लाइन के इस नोट को देखकर उन्होंने बेटे को फोन किया, लेकिन मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद उन्होंने नंदग्राम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने