बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र की एविनिक्स की फैक्ट्री में लगी थी आग, गत्ते से रोल बनाया जाता था
गाजियाबाद। बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित एवेनिक्स डिजाइन कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में गुरुवार रात करीब एक बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब सात फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया।फायर स्टेशन कोतवाली से अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर टेंडर और वाटर बाउजर को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित स्वदेशी कंपाउंड से भी एक फायर टेंडर मौके पर भेजा गया। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी।
दमकल कर्मियों ने तत्काल दो हौज लाइन बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता और फैक्ट्री के अंदर घना धुआं भर जाने से राहत कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर वैशाली और साहिबाबाद फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। कुल सात दमकल गाड़ियों को आग बुझाने में लगाया गया।
BA सेट पहनकर फैक्ट्री में दाखिल हुए दमकलकर्मी: फैक्ट्री के अंदर आग और धुआं अधिक होने के बावजूद दमकल कर्मियों ने बीए (BA) सेट पहनकर अंदर प्रवेश किया और आग के स्रोत तक पहुंचकर उसे नियंत्रित किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग बुझने के बाद दमकल टीम ने फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि कहीं कोई चिंगारी या गर्म स्थान दोबारा आग न पकड़ सके। अग्निकांड में फैक्ट्री के अंदर रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की फैक्ट्रियों तक आग फैलने से रोक लिया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद