दूध, क्रीम और केमिकल से तैयार कर बेचने का आरोप, दो वांछित आरोपी अभी फरार
गाजियाबाद। नकली पनीर और मावा तैयार कर बेचने के मामले में भोजपुर पुलिस ने करीब डेढ़ माह से वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी डेयरी में दूध, क्रीम और केमिकल का इस्तेमाल कर नकली पनीर और मावा तैयार कर बेचता था। मामले में दो अन्य आरोपी अभी वांछित हैं।पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी (FSO) की ओर से थाना भोजपुर में तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि ग्राम नाहली निवासी कवि उर्फ कलव, सकील और कफील द्वारा नकली पनीर और मावा तैयार किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर थाना भोजपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। इसी क्रम में 1 अक्टूबर 2026 को भोजपुर पुलिस टीम ने मुकदमे में वांछित आरोपी कफील पुत्र मुनसब, निवासी ग्राम नाहली, थाना भोजपुर, गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 45 वर्ष है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी दूध की डेयरी है। अधिक मुनाफा कमाने के लिए वह दूध, क्रीम और केमिकल का इस्तेमाल कर नकली पनीर और मावा तैयार करता था और उन्हें बेच देता था। पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस दोनों वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
Tags
गाजियाबाद
