जनकल्याण सेवा समिति की बैठक में जनसमस्याओं के समाधान पर मंथन

साहिबाबाद।
साहिबाबाद गांव की जनकल्याण सेवा समिति की बैठक चौधरी ब्रह्म सिंह प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गांव की मूलभूत सुविधाओं और लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में समिति के वरिष्ठ सदस्य ठाकुर महेंद्र सिंह ने जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। अन्य सदस्यों ने भी अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में प्रमुख रूप से साहिबाबाद गांव को श्याम पार्क मेन से जोड़ने वाले मार्ग पर रेलवे अंडरपास बनाए जाने तथा साहिबाबाद गांव की ओर रेलवे टिकट घर स्थापित किए जाने की मांग उठाई गई। समिति के सदस्यों ने बताया कि इन मांगों को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को पत्र दिए जा चुके हैं।
इसके अलावा गांव में स्थानीय लोगों के लिए सरकारी सामुदायिक भवन, पार्क तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने इन मांगों का समर्थन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को लिखित प्रार्थना पत्र देने पर सहमति जताई।
समिति के सदस्यों ने कहा कि जनकल्याण सेवा समिति पिछले कई वर्षों से साहिबाबाद गांव के विकास और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। समिति द्वारा क्षेत्रीय पार्षद, विधायक, सांसद सहित नगर निगम, यूपीएसआईडीसी, रेलवे विभाग, जीडीए और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-समय पर पत्र भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की जाती रही है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से नियमित पत्राचार किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पूर्व में भेजे गए पत्रों के संबंध में रिमाइंडर भी भेजे जाएंगे। साथ ही समस्याओं पर चर्चा और उनके समाधान की दिशा में आगे की रणनीति तय करने के लिए समय-समय पर समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में चौधरी ब्रह्म सिंह प्रधान, ठाकुर महेंद्र सिंह, चरत कुमार, पंडित भगवती प्रसाद शर्मा, झंडू सिंह, पंडित सूरज शर्मा, श्यामलाल, उदय सिंह, फूल सिंह, तेजपाल, मुकेश शर्मा, मदनपाल, बाबूराम सैनी, चंद किरण, राहुल शर्मा, हरिप्रसाद शर्मा, राजवीर, मंगल सिंह चौहान सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने