लोनी में ईंट मारकर युवक की हत्या करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

नशे में झगड़े के दौरान हत्या कर शव को कीचड़ भरे गड्ढे में फेंका था

गाजियाबाद।
ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में 36 साल के विनोद शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने सोमवार शाम करीब 5 बजे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, विनोद के सिर पर ईंट से हमला किया गया था। समय पर इलाज नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को कीचड़ भरे गड्ढे में फेंक दिया गया था।  
मामला 14 सितंबर का है। विनोद के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी थी कि छोटू, ननकी और कलशीनाथ ने किसी बात को लेकर विनोद के साथ मारपीट की थी। 
आरोप है कि कलशीनाथ ने विनोद के सिर पर ईंट मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले विनोद और कलशीनाथ ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान दोनों के बीच गाली-गलौज और मारपीट हो गई। विनोद ने भी ईंट से कलशीनाथ के पैर पर वार किया। इसके बाद कलशीनाथ ने विनोद के सिर पर ईंट मार दी। सिर में चोट लगने के बाद विनोद वहीं गिर गया। 
पुलिस के अनुसार, विनोद बाद में छोटू के पास पहुंचा। छोटू ने उसे दवा लेने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। शाम को छोटू ने देखा कि विनोद कोई हरकत नहीं कर रहा था और उसका शरीर अकड़ चुका था। इसके बाद छोटू ने ननकी को बुलाया। रात करीब साढ़े 10 बजे दोनों ने शव को शुभम धर्म कांटे के सामने कीचड़ भरे गड्ढे में फेंक दिया। खून से सने कपड़े भी धो दिए गए।  पुलिस ने सोमवार को कलशीनाथ उर्फ फकीरा राम और छोटू कामत को ट्रोनिका सिटी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। मामले में ननकी की तलाश जारी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने