आपदा के समय सतर्कता, संयम एवं साहस से कार्य करने का दिया संदेश
कासगंज। जनपद कासगंज में प्री-मानसून तैनाती पर कार्यरत 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद की टीम ने श्री गणेश इंटर कॉलेज में स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम (SSP) आयोजित कर विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा प्रबंधन एवं जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के प्रति जागरूक करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना रहा।
बटालियन कमांडेंट सुदेश कुमार के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन, कासगंज के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता ने किया। एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भूकंप, बाढ़, अग्निकांड और आकाशीय बिजली जैसी आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
इस दौरान भूकंप के समय अपनाई जाने वाली ‘ड्रॉप, कवर एवं होल्ड’ तकनीक का विद्यार्थियों से व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। एनडीआरएफ कर्मियों ने बताया कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय सही तकनीक और सावधानी अपनाकर जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
इस दौरान भूकंप के समय अपनाई जाने वाली ‘ड्रॉप, कवर एवं होल्ड’ तकनीक का विद्यार्थियों से व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। एनडीआरएफ कर्मियों ने बताया कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय सही तकनीक और सावधानी अपनाकर जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सीपीआर, बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS), प्राथमिक उपचार तथा FBAO/Choking की स्थिति में अपनाई जाने वाली जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा स्ट्रेचर, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय और रेस्क्यू रोप सहित विभिन्न आपदा राहत एवं बचाव उपकरणों के सुरक्षित उपयोग का प्रदर्शन भी किया गया। मानसून को देखते हुए एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को जलजनित दुर्घटनाओं, तेज बहाव वाले पानी तथा आकाशीय बिजली से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को समझाया गया कि तेज बहाव वाले पानी में प्रवेश करने से बचें और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा विद्युत उपकरणों से उचित दूरी बनाए रखें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने एनडीआरएफ के जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। विद्यार्थियों ने भी प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न जीवन रक्षक तकनीकों का अभ्यास किया। कार्यक्रम के समापन पर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता ने विद्यार्थियों से अपील की कि आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता, संयम और समझदारी से कार्य करें। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई जीवन रक्षक तकनीकों एवं आपदा सुरक्षा संबंधी जानकारी को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।