भाई न कहने पर दो पक्षों में हुई हिंसा में बीच बचाव कराने पहुंचे देवेन्द्र शर्मा की हुई थी मौत
गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र के गांव कन्नौज में भाई न कहने पर दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के दौरान एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा और ईंट-पत्थर बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को मुरादनगर थाने में तहरीर दी गई थी कि गांव कन्नौज निवासी रिंकू उर्फ रिशांत का सोनू उर्फ कार्तिक शर्मा से भाई से बातचीत नहीं करने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि सोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर रिंकू के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर रिंकू के चाचा देवेंद्र शर्मा और परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान मोहित और सोएब समेत अन्य लोगों ने तलवार लेकर रिंकू और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। आरोपियों पर परिवार के घरों में घुसकर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना में मनीष कुमार, अंकित शर्मा, सचिन शर्मा और रिंकू उर्फ रिशांत को चोटें आईं। वहीं गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को उपचार के लिए जीवन अस्पताल, मोदीनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तहरीर के आधार पर मुरादनगर थाने में संबंधित धाराओं 191(2), 191(3), 190, 103(1), 109(1), 115(2), 351(3) और 333 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
नहर पटरी से तीन आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने बताया कि 31 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर मुरादनगर थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुकदमे में वांछित तीन आरोपियों को गंगनहर पटरी से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस पुत्र जीतू, निवासी गांव कन्नौज, उम्र करीब 24 वर्ष; सोएब पुत्र पेले, निवासी गांव कन्नौज, उम्र करीब 20 वर्ष; और सोनू उर्फ कार्तिक शर्मा पुत्र देवदत्त शर्मा, निवासी गांव कन्नौज, उम्र करीब 31 वर्ष के रूप में हुई है।
पूछताछ में प्रिंस ने बताई घटना की जानकारी: पुलिस की पूछताछ में आरोपी प्रिंस ने बताया कि उसके बड़े भाई मोहित का रिंकू और अंकित के साथ विवाद हुआ था। विवाद के दौरान वह और उसके पिता जीतू उर्फ जितेंद्र भी मौके पर पहुंच गए। वहां मोहित, छोटा मोहित उर्फ ऋतिक, सोएब, दीपु और विकास शर्मा उर्फ सैंकी समेत अन्य लोग भी मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में प्रिंस ने बताया कि मोहित के घायल होने के बाद सभी लोग उत्तेजित हो गए और उसके भाई मोहित तथा पिता जीतू उर्फ जितेंद्र ने तलवार से हमला किया, जबकि अन्य साथियों ने डंडे, लोहे की रॉड और फावड़े से देवेंद्र शर्मा, अंकित शर्मा, रिंकू शर्मा और मनीष शर्मा पर हमला किया। इसी दौरान देवेंद्र शर्मा को तलवार लगने से गंभीर चोट आई और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
फावड़ा और ईंट-पत्थर बरामद: पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया फावड़ा तथा ईंट-पत्थर घटनास्थल के पास ही मौजूद शेर मोहम्मद उर्फ पेले के घर से बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Tags
गाजियाबाद