सीपीआर, प्राथमिक उपचार एवं रेस्क्यू तकनीकों का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
कासगंज। 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद की टीम ने प्री-मानसून तैनाती के दौरान जिला प्रशासन, कासगंज के समन्वय से एन.आर. पब्लिक स्कूल में स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम (एसएसपी) आयोजित किया। कार्यक्रम का आयोजन बटालियन कमांडेंट श्री सुदेश कुमार के मार्गदर्शन में किया गया।
टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को भूकंप, बाढ़, अग्निकांड, आकाशीय बिजली तथा जलजनित दुर्घटनाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ‘ड्रॉप, कवर एंड होल्ड’, सीपीआर, बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS), प्राथमिक उपचार तथा एफबीएओ/चोकिंग जैसी महत्वपूर्ण जीवन रक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा स्ट्रेचर, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय और रेस्क्यू रोप के सुरक्षित उपयोग का प्रदर्शन भी किया गया। एनडीआरएफ टीम ने मानसून के दौरान तेज बहाव वाले पानी से होने वाली दुर्घटनाओं तथा आकाशीय बिजली से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न आपदा परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के उपायों को समझा।कार्यक्रम के समापन पर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता ने विद्यार्थियों से आपदा की स्थिति में सतर्कता, संयम और साहस के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि आपदा के समय अधिक से अधिक लोगों की मदद की जा सके।
एनडीआरएफ के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा के समय प्राथमिक स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने तथा अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयार करना रहा।
Tags
गाजियाबाद