दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद को 16 गोलियां मारने वालों का एनकाउंटर: पुलिस ने तीन आरोपी पकड़े

नई दिल्ली।
 दिल्ली के नरेला में चर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में शामिल बदमाशों के खिलाफ दिल्ली पुलिस स्पेशल स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई की है। रोहिणी सेक्टर-23 में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक नाबालिग आरोपी को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस को इन आरोपियों की तलाश प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद हत्याकांड के सिलसिले में थी। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक और नितिक सोनीपत के रहने वाले हैं। पुलिस ने मौके से तीन पिस्टल बरामद की हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद इनसे पूछताछ की जाएगी।
बता दें कि प्रमोद पिछले लंबे समय से प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार से जुड़े हुए थे। सोनीपत के नाहरी गांव में ही उनका प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस है। इसके अलावा गांव में एक बैंक्वेट हॉल भी है। यह उनके छोटे भाई मुकुल संभालते हैं। परिवार का कहना है कि प्रमोद को पिछले कुछ दिनों से लगातार रंगदारी मांगी जा रही थी। कॉल करने वाले उससे मोटी रकम की मांग कर रहे थे। धमकियों के बाद प्रमोद अपनी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित थे। वह अपने एक दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी में आने-जाने लगे थे। 3 सितंबर को दिल्ली के नरेला में जिम के बाहर प्रमोद की 16 गोलियां मारकर हत्या की गई थी। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी भाऊ गैंग ने ली थी। गैंग ने दावा किया था रंगदारी की रकम न देने पर हत्या की गई।
डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि नरेला के प्रॉपर्टी कारोबारी प्रमोद की हत्या में शामिल आरोपी रोहिणी सेक्टर-24 में पहुंचने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए स्पेशल स्टाफ की टीम ने संदिग्ध इलाके में नाकेबंदी कर दी। इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाइक से पहुंचे तीन संदिग्धों को घेर लिया। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
दो आरोपियों के पैर में लगी गोली: पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से दीपक और नितिक घायल होकर मौके पर गिर गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया और उनके तीसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। तीसरा आरोपी नाबालिग है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर बेरिकेडिंग कर दी। पुलिस ने मौके से आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्टल बरामद की हैं। हथियारों को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। घायल आरोपियों को अस्पताल में कराया भर्ती: पुलिस की गोली से घायल दीपक और नितिक को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। दोनों का उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस अब उनकी मेडिकल स्थिति के अनुसार आगे पूछताछ करेगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने