BRICS समिट और आगामी त्योहारों को लेकर गाजियाबाद पुलिस अलर्ट

अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने दिए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश

गाजियाबाद।
पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस कार्यालय के मीटिंग हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और आगामी त्योहारों की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। खास तौर पर दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS समिट-2026, गणेश चतुर्थी और शारदीय नवरात्र को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध), अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं यातायात), सभी जोनल पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध), सभी सर्किल सहायक पुलिस आयुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त (महिला अपराध) समेत अपराध एवं प्रज्ञान शाखा के अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक में पिछले दो वर्षों के अपराधों और अपराध नियंत्रण के लिए की गई पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की गई। लूट, स्नैचिंग, वाहन चोरी, चोरी और नकबजनी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पूर्व में जारी निर्देशों और तैयार कार्ययोजना की प्रगति की जानकारी ली गई। पुलिस आयुक्त ने लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिसिंग और क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
एसएसओ पोर्टल और यक्ष ऐप की भी समीक्षा: बैठक में एसएसओ पोर्टल के टाइमलाइन डैशबोर्ड के माध्यम से 1 जनवरी से 31 अगस्त 2026 तक 60 और 90 दिनों की अवधि में निस्तारित किए गए मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा यक्ष ऐप पर निर्धारित समय सीमा में सूचीबद्ध अपराधियों के सत्यापन और हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी की प्रगति की भी जानकारी ली गई। विभागीय कार्रवाई के तहत नियम 14(1) और प्रारंभिक जांचों के निस्तारण की स्थिति पर भी चर्चा की गई। अगस्त माह में राजपत्रित अधिकारियों द्वारा किए गए अचानक निरीक्षणों की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गणेश चतुर्थी और नवरात्र को लेकर विशेष सतर्कता: आगामी गणेश चतुर्थी और शारदीय नवरात्र को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात संबंधी तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए। धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने पर जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति एवं सौहार्द का माहौल बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
BRICS समिट को लेकर गाजियाबाद में बढ़ेगी निगरानी: दिल्ली में आयोजित होने वाले 18वें BRICS समिट-2026 को देखते हुए गाजियाबाद कमिश्नरेट की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। दिल्ली से जुड़े प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पुलिस की सतर्कता बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने अधिकारियों से कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों को देखते हुए हर स्तर पर सतर्कता, बेहतर समन्वय और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहने के साथ-साथ क्षेत्र में लगातार भ्रमण और निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने