यमुना एक्सप्रेस पर स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत, कई झुलसे
नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा हो गया। स्लीपर बस में भीषण आग लग गई. इस घटना में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि जब हादसा हुआ तब बस में करीब 30 से ज्यादा लोग सवार थे। इनमें से कई लोग आग में बुरी तरह से झुलस गए। फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बस में लगी आग को बुझाया।जेवर पुलिस के अनुसार, इस दुखद घटना में एक महिला और 8 पुरुषों समेत 9 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती टूरिस्ट बस में अचानक से आग लग गई। ये आग नोएडा से करीब 33 किलोमीटर आगे जेवर कार्गो एयरपोर्ट के पास लगी। आग लगते ही बस में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई यात्रियों ने चलती बस से कूदकर जान बचाई, लेकिन बस के ऊपरी हिस्से में बैठे यात्री बाहर नहीं निकल पाए। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही जेवर पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। आग इतनी भीषण थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई। बस कश्मीरी गेट दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते महोबा जा रही थी। पुलिस द्वारा तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन करते हुए 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस टीम व फायर सर्विस यूनिट द्वारा धुएं के मध्य अथक प्रयास करते हुए बस के अंदर जाने पर ज्ञात हुआ कि उक्त घटना में 09 व्यक्ति बस के अंदर जलने व दम घुटने के कारण मृत अवस्था में मिले।
एक यात्री ने बताया कि जब मैं सो रहा था, तो किसी ने मुझे जगाकर बताया कि बस में आग लग गई है, और हम सब बाहर निकलने के लिए हड़बड़ी में भागे। वहां से निकलना आसान नहीं था। बहुत ज़्यादा धुआं था। घबराहट के बीच हम किसी तरह बाहर निकल पाए। बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। एक अन्य यात्री ने बताया कि मैं सो रहा था तभी किसी ने दरवाज़ा खटखटाया। जब मैं जागा, तो वहां पहले से ही बहुत भीड़ थी। मैंने अपना कोई सामान नहीं उठाया। यहां तक कि जूते भी नहीं पहने। बस अपना फ़ोन लिया और बाहर निकल आया। इतनी भीड़ थी कि लोग एक-दूसरे को धक्का-मुक्की कर रहे थे। मुझे भी धक्के लगे और आख़िरकार किसी ने मुझे बाहर खींच लिया। उसके बाद मुझे कुछ भी याद नहीं। चारों तरफ़ धुआं ही धुआं था।
उन्होंने कहा कि अफरा-तफरी मची हुई थी और बाहर निकलना बहुत मुश्किल था। इतना धुआं था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। लोग अंदर दम घुटने से परेशान थे। बहुत कम लोग ही बच पाए, सिर्फ़ वही जो धक्का-मुक्की के बीच रास्ता बनाकर बाहर निकल सके। कई लोगों की जान चली गई. मेरे पीछे भी काफ़ी लोग थे जो शायद बाहर नहीं निकल पाए, क्योंकि मैं ख़ुद भी काफ़ी देर से बाहर निकल पाया था।
वहीं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों से बात की और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
बीते एक वर्ष में यूपी के 5 बसे हादसे
1. बीती जुलाई में हरदोई के पचदेवरा थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. सिद्धार्थनगर के बांसी से दिल्ली जा रही स्लीपर बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरी. हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.
2. बीती जून में मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बड़ा हादसा टल गया, जहां जयपुर से हरिद्वार जा रही राजस्थान रोडवेज की स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस धूं-धूं कर जलकर खाक हो गई. हालांकि, ड्राइवर की सूझबूझ से बस में सवार सभी 26 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.
3. जून में ही फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार की तड़के सड़क हादसा हो गया. जिसमें 2 लोगों की मौत हो गयी. हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं. हादसा उस वक्त हुआ जब स्लीपर बस गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही थी. रास्ते में ये बस सामने चल रहे ट्रक से टकरा गयी.
4. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई. दिल्ली से आजमगढ़ जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस आगे चल रहे एक ट्रेलर से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
5. अक्टूबर 2025 में लखीमपुर खीरी के मैगलगंज इलाके में एक स्लीपर बस आग का गोला बन गई. बस दिल्ली से सीतापुर जा रही थी. बस में करीब 50 यात्री सवार थे. घटना के दौरान बस खड़ी थी.