युवक को बंधक बनाकर कार में घुमाने वाले तीनों आरोपियों को वेव सिटी पुलिस ने दबोचा, तमंचा-कारतूस बरामद
गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र में फाइनेंस रिकवरी एजेंटों द्वारा एक युवक को कथित रूप से बंधक बनाकर उसके भाई से एक लाख रुपये की मांग किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को लालकुआं चौकी क्षेत्र में फाइनेंस रिकवरी एजेंटों ने एक बाइक को चेकिंग के दौरान रोका था। बाइक पर सवार दो युवकों और रिकवरी टीम के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने रिकवरी एजेंटों को हथियार दिखाकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। विवाद के दौरान बाइक सवार एक युवक को रिकवरी एजेंटों ने पकड़ लिया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया। पकड़े गए युवक की पहचान अहिज उर्फ आदिल परवेज (28) निवासी बरेली के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से .315 बोर का देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने आदिल के खिलाफ धारा 352, 351(3) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।भाई को फोन कर मांगे एक लाख रुपये: पुलिस के मुताबिक, आदिल के भाई ने आरोप लगाया कि रिकवरी एजेंटों ने उसके भाई को पकड़कर अपनी कार में बैठा लिया और कई घंटे तक इधर-उधर घुमाते रहे। इसी दौरान उसके मोबाइल से भाई को फोन कराया गया। शिकायत के अनुसार, फोन पर कथित तौर पर कहा गया कि आदिल के पास अवैध हथियार बरामद हुआ है और यदि एक लाख रुपये दिए जाते हैं तो उसे छोड़ दिया जाएगा, अन्यथा उसे पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। शिकायतकर्ता ने इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराई। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिकवरी एजेंटों के खिलाफ धारा 127(2), 308(2) और 351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की तलाश के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने दीपक यादव (29) और रिंकू यादव (24) निवासी शाहपुर बम्हैटा गाजियाबाद को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में रिकवरी एजेंटों ने बताई पूरी घटना: पुलिस की पूछताछ में दीपक और रिंकू ने बताया कि वे रिकवरी एजेंट का काम करते हैं। 15 सितंबर 2026 को वे अपने साथी के साथ लालकुआं के पास थे। इसी दौरान उन्होंने बरेली नंबर की एक बाइक को देखा और उसकी फाइनेंस किस्त के संबंध में जानकारी करने के लिए बाइक सवारों को रोका। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। बाइक सवार एक युवक ने रिकवरी एजेंटों की ओर पिस्टल तान दी। भीड़ जुटने पर दोनों बाइक सवार बाइक छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान एजेंटों ने आदिल को पकड़ लिया। इसके बाद आदिल को कार में बैठाकर घुमाया गया। आरोपियों ने उसके भाई से एक लाख रुपये मांगने की बात स्वीकार की है। जब आदिल के भाई ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी उसे थाने लेकर पहुंचे।
तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस: पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आदिल के खिलाफ वेव सिटी थाने में मौजूदा मामले के अलावा बरेली के विभिन्न थानों में मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट से संबंधित छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दीपक यादव और रिंकू यादव के खिलाफ वेव सिटी थाने में एक-एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
Tags
गाजियाबाद