छठ घाट के निर्माण में देरी पर महिलाओं में आक्रोश, दो दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो नगर निगम के खिलाफ गाजियाबाद कूच की चेतावनी

शालीमार गार्डन डबल टंकी सी-ब्लॉक के छठ व्रतियों ने मोहन नगर जोन कार्यालय पहुंचकर जेई से की मुलाकात, जूनियर इंजीनियर ने अगले दिन से काम शुरू कराने का दिया आश्वासन
साहिबाबाद।
शालीमार गार्डन के डबल टंकी सी-ब्लॉक स्थित छठ घाट के सौंदर्यीकरण और टाइल्स लगाने के कार्य में देरी को लेकर छठ व्रती महिलाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधवार, 28 अक्टूबर को छठ पूजा आयोजन से जुड़ी संस्था के अध्यक्ष अशोक शाह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं मोहन नगर जोन स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने जूनियर इंजीनियर विनोद से मुलाकात कर घाट का काम जल्द शुरू कराने की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि अगले दो दिनों में काम शुरू नहीं हुआ तो वे हजारों की संख्या में गाजियाबाद पहुंचकर अपनी मांग उठाने को मजबूर होंगी।
संस्था अध्यक्ष अशोक शाह ने जूनियर इंजीनियर से कहा कि पिछले सप्ताह उन्हें आश्वासन दिया गया था कि घाट का काम जल्द शुरू हो जाएगा। इसके बाद शुक्रवार से कार्य शुरू कराने की बात कही गई, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। लगातार हो रही देरी से छठ व्रतियों की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं और महिलाओं में आक्रोश बढ़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि इस घाट पर छठ पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। हिंडन नदी के बाद साहिबाबाद क्षेत्र में यह प्रमुख और बड़े छठ घाटों में से एक है। घाट का सौंदर्यीकरण और टाइल्स लगाने के कार्य में लगभग 15 दिन लगेंगे। इसके बाद टेंट लगाने में करीब छह दिन और घाट को सजाने में चार से पांच दिन का समय लगेगा। ऐसे में काम शुरू होने में और देरी हुई तो छठ पूजा से पहले तैयारियां पूरी करना मुश्किल हो सकता है।
संस्था की ओर से बताया गया कि एक सितंबर 2026 को नगर आयुक्त से मुलाकात कर घाट के सौंदर्यीकरण और अन्य आवश्यक कार्यों के संबंध में अवगत कराया गया था। इसके बावजूद काम शुरू नहीं होने से श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई है। महिलाओं ने जूनियर इंजीनियर से स्पष्ट कहा कि पिछली बार छठ पूजा के दौरान उन्हें जिन परेशानियों का सामना करना पड़ा था, वे इस बार दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि घाट का निर्माण और सौंदर्यीकरण समय रहते पूरा कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें बार-बार नगर निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस पर जूनियर इंजीनियर विनोद ने आश्वासन दिया कि घाट का काम 29 अक्टूबर से शुरू करा दिया जाएगा। अब छठ व्रतियों की निगाहें नगर निगम की कार्रवाई पर टिकी हैं। इस मौके पर गायत्री देवी, रानी देवी, मंजू सिंह, बबीता देवी, अर्चना सिन्हा, प्रियंका श्रीवास्तव, सरिता, रक्षक देवी, सुमन पांडे, रीना पांडे, डूडी राय, सीमा सिंह, अंजली सिंह, पूजा राय, सुधा तिवारी, कंचन देवी, पूनम सिंह, इंदु राय, अशोक पांडे, दीपक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने