इंदिरापुरम, साहिबाबाद और टीला मोड़ में निर्धारित किए गए बिक्री स्थल; 5 से 7 नवंबर तक ही मिलेगी अस्थायी लाइसेंस के तहत बिक्री की अनुमति
गाजियाबाद। दीपावली के अवसर पर हरित पटाखों की बिक्री को नियंत्रित और सुरक्षित रखने के लिए गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने ट्रांस हिंडन क्षेत्र में तीन स्थानों पर अस्थायी दुकानें लगाने की व्यवस्था की है। इन दुकानों के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी किए जाएंगे। इच्छुक आवेदकों को 31 अक्टूबर 2026 तक आवेदन करना होगा। आवेदन पत्रों और संबंधित अभिलेखों की जांच 1 नवंबर को होगी, जबकि अस्थायी लाइसेंस 2 नवंबर को जारी किए जाएंगे। लाइसेंस प्राप्त दुकानदार 5 से 7 नवंबर तक ही निर्धारित स्थलों पर ग्रीन पटाखों की बिक्री कर सकेंगे। पुलिस द्वारा निर्धारित स्थलों में इंदिरापुरम थाने के पीछे आवास विकास का मैदान, साहिबाबाद के गोल पार्क स्थित रामलीला ग्राउंड और टीला मोड़ थाना क्षेत्र में ऑक्सी होम के सामने आवास विकास का खाली मैदान शामिल हैं। इन स्थानों का चयन जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया है।आवेदन के लिए 10 हजार रुपये की जमानत राशि: अस्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को 10 हजार रुपये का बैंक ड्राफ्ट प्रतिशोध निरीक्षक, पुलिस लाइन्स, कमिश्नरेट गाजियाबाद के नाम से बनवाकर कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदक को दो फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति और 10 हजार रुपये के ड्राफ्ट की रसीद प्रस्तुत करनी होगी। इसके बाद ही आवेदन पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। एक आवेदक केवल एक ही निर्धारित स्थल के लिए आवेदन कर सकेगा। एक से अधिक स्थानों के लिए आवेदन करने पर उसके सभी आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे। दुकान का आवंटन आवंटन समिति द्वारा किया जाएगा। आवंटन मिलने के बाद निर्धारित किराया संबंधित कार्यालय में जमा करना होगा।
दुकानों के बीच 10 फीट की दूरी अनिवार्य: सुरक्षा व्यवस्था के तहत दुकानों के बीच कम से कम 10 फीट की दूरी रखनी होगी। दुकान का आकार 10 गुणा 10 फीट निर्धारित किया गया है। यदि आवंटित स्थल पर दुकान की व्यवस्था उपलब्ध नहीं होती है तो आवंटी को अपने खर्च पर दुकान तैयार करनी होगी और निर्धारित मानकों का पालन करना होगा। प्रत्येक आवंटी को मुख्य अग्निशमन अधिकारी से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करना होगा। बिजली, अग्निशमन और पार्किंग की व्यवस्था भी दुकानदार को स्वयं सुनिश्चित करनी होगी। दुकानों में खुले बिजली के तार नहीं होने चाहिए। प्रत्येक दुकान पर कम से कम दो बाल्टी पानी और दो बाल्टी रेत रखना अनिवार्य होगा। ट्रांस हिंडन जोन के तीनों बिक्री स्थलों पर एक-एक फायर टेंडर तैनात किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पानी के टैंकर, रेत की बाल्टियों और आपातकालीन निकास की व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।
केवल ग्रीन पटाखों की बिक्री, रात आठ बजे तक समय: लाइसेंस की अनुमति केवल ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए होगी। पारंपरिक, हानिकारक और प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। दुकानदार केवल प्रशासन द्वारा अनुमन्य ब्रांड की पटाखा सामग्री ही बेच सकेंगे। बिक्री का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित किया गया है। 7 नवंबर के बाद पटाखों की बिक्री नहीं की जा सकेगी और अस्थायी लाइसेंस स्वतः निरस्त माना जाएगा। दुकानों और स्टॉल के आसपास धूम्रपान तथा ज्वलनशील सामग्री रखना प्रतिबंधित रहेगा। लाइसेंस किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा और जिस व्यक्ति के नाम दुकान आवंटित होगी, उसी को वहां बिक्री करनी होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित नियमों और शर्तों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस तत्काल निरस्त किया जा सकता है। सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण के आदेशों का उल्लंघन करने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई जा सकती है। शांति व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर अनुमति को बिना पूर्व सूचना के भी समाप्त किया जा सकता है।
Tags
गाजियाबाद

