नमकीन कारोबार की आड़ में पटाखों का भंडारण कर रहे थे आरोपी, क्राइम ब्रांच की ऑपरेशन टीम ने छापेमारी कर दबोचे
गाजियाबाद। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ गाजियाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना कोतवाली सिटी क्षेत्र के सूर्य एन्क्लेव चौकी अंतर्गत सिविल लाइन इलाके में एक दुकान और गोदाम पर छापा मारकर पुलिस ने 18 क्विंटल 72 किलो 800 ग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में दुकान और गोदाम के मालिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद पटाखे 80 प्लास्टिक के बोरों में रखे हुए थे।पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिविल लाइन क्षेत्र में दीपावली पर बिक्री के लिए भारी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की ऑपरेशन टीम ने कार्रवाई करते हुए दुकान और गोदाम की तलाशी ली। यहां से अलग-अलग प्रकार के पटाखों की बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस ने मौके से पटाखों की बिक्री के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अशोक कुमार ने बताया कि दुकान और गोदाम उसी के हैं तथा उसका नमकीन का कारोबार है। इसी कारोबार की आड़ में वह अपने बेटों के साथ पटाखों की बिक्री भी कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में पटाखों के भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध के चलते चोरी-छिपे पटाखे बेचने में अधिक मुनाफा होता है। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि आगामी दीपावली को देखते हुए उसने अपने दोनों बेटों के साथ तमिलनाडु से पटाखे मंगवाकर बिक्री के लिए गोदाम में जमा किए थे। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी दुकान और गोदाम की आड़ में अवैध पटाखों का भंडारण और बिक्री कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक कुमार पुत्र गोपीचंद उम्र 53 वर्ष, उसके बेटे ऋषभ गुप्ता उम्र 23 वर्ष और अनंत गुप्ता उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों नासिरपुर फाटक के पास, थाना सिहानी गेट क्षेत्र, गाजियाबाद के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 प्लास्टिक के बोरों में रखे 18 क्विंटल 72 किलो 800 ग्राम अवैध पटाखे और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है। इस संबंध में थाना कोतवाली सिटी में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद

