बच्चों की चोरी कर जरूरतमंदों को बेचने के आरोप में एक और महिला गिरफ्तार

टीला मोड़ पुलिस ने मानव तस्करी के मुकदमे में वांछित आरोपी को करण गेट गोल चक्कर से दबोचा

गाजियाबाद।
टीला मोड़ थाना पुलिस ने मानव तस्करी के मामले में वांछित चल रही एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला अपने साथियों के साथ मिलकर बच्चों की चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थी और चोरी किए गए बच्चों को जरूरतमंद लोगों को कथित तौर पर पैसे लेकर सौंप देती थी। पुलिस ने इस मामले में पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर एक नाबालिग बच्चे को सकुशल बरामद किया था। पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को फरुखान पुत्र सरूद्दीन निवासी शौकीन का मकान, गली नंबर-4, करण गेट, पुलिस चौकी के सामने, थाना टीला मोड़ ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसके करीब तीन माह के बच्चे को उसी मकान में किराये पर रहने वाला नौसाद और उसकी पत्नी रुखसार कथित तौर पर चोरी कर अपने साथ ले गए हैं।
शिकायत के आधार पर थाना टीला मोड़ में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मैनुअल इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 12 अगस्त को मामले में प्रकाश में आए आरोपी अनलु, नसीम, नौसाद, नागेंद्र, मौसीन, आदिव, रुखसार, सुदमित्र और सितार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से नाबालिग बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया था।  जांच के दौरान मुकदमे में धारा 143(4) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस के मुताबिक, मामले में वांछित चल रही मोहदिसन पत्नी नफीश, निवासी रायजादगान कस्बा व थाना कांधला, जनपद शामली, उम्र करीब 36 वर्ष को 2 अक्टूबर 2026 को चेकिंग के दौरान करण गेट गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया गया। 
पूछताछ में बताई बच्चों को बेचने की बात: पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर बच्चों की चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि जिन लोगों को बच्चों की जरूरत होती थी, उन्हें बच्चों को कथित तौर पर तय रकम लेकर दे दिया जाता था और इससे मिलने वाले पैसे को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, बच्चों की चोरी और उन्हें सौंपे जाने से संबंधित घटनाओं तथा आर्थिक लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने