बस पर फायरिंग करने वाले दो बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार: पुरानी रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश

मसूरी पुलिस और स्वाट टीम की कार्रवाई, एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल; पिस्टल, तमंचे, कारतूस और स्कूटी बरामद

गाजियाबाद।
दिल्ली-बदायूं रूट की यात्री बस पर फायरिंग करने के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को थाना मसूरी पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा सफेद रंग की स्कूटी बरामद की गई है। मसूरी एसीपी सुनील कुमार के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को मसूरी थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भूड़गढ़ी बंबा पटरी पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक सफेद रंग की स्कूटी पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन स्कूटी सवारों ने रुकने के बजाय तेज गति से भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो दोनों आरोपियों ने खुद को घिरता देख कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में स्कूटी सवार एक आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।
28 सितंबर को बस पर की थी फायरिंग: पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनस पुत्र चांद, निवासी तीसरा पुस्ता जगजीत नगर, गली नंबर-7, थाना न्यू उस्मान नगर, दिल्ली और नदीम पुत्र अनीश, निवासी न्यू मुस्तफाबाद, नेहरू विहार, थाना दयालपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। एसीपी के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने 28 सितंबर 2026 को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक यात्री बस पर फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात बताई। इस मामले में थाना मसूरी में मुकदमा दर्ज किया गया था और दोनों आरोपी वांछित चल रहे थे।
हथियार और स्कूटी बरामद: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल के साथ दो जिंदा और एक खोखा कारतूस, एक .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा सफेद रंग की स्कूटी बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपी अनस की उम्र 26 वर्ष और नदीम की उम्र 23 वर्ष बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल अनस को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज: 
एसीपी के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मसूरी कमिश्नरेट गाजियाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 329/2026, धारा 109(1)/61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। पुलिस दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। मसूरी पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका और हथियारों के स्रोत समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है। 
पुरानी रंजिश बनी फायरिंग की वजह: 
इस मामले में प्रेस वार्ता के दौरान डीसीपी ग्रामीण ने वारदात के पीछे की वजह का खुलासा भी किया। डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे दोनों दिल्ली में आसपास रहते हैं और आपस में दोस्त हैं। उनके अनुसार, दिल्ली निवासी वसीम उनका कथित बॉस है और वे उसके गिरोह से जुड़े हैं। पूछताछ में दोनों ने आरिफ उर्फ मूश के साथ करीब तीन-चार साल से चली आ रही रंजिश की बात बताई। आरोपियों के कथन के अनुसार, आरिफ उर्फ मूश ने पूर्व में अनस के खिलाफ कथित तौर पर फर्जी मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद उसे दिल्ली की जेल जाना पड़ा था। आरोपियों ने उसके पिता को हिरासत में लिए जाने का भी जिक्र किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि घटना से कुछ दिन पहले अरसलान का आरिफ उर्फ मूश की बस के कंडक्टर से विवाद हुआ था। इसके बाद कथित तौर पर आरिफ ने अनस के खिलाफ दिल्ली पुलिस में पैसे छीनने की शिकायत की थी। 
बॉस के कहने पर बनाई थी योजना: अनस ने अपने कथित बॉस वसीम और सैफी को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद आरोपियों ने अरसलान और टफी उर्फ टॉफी के साथ मिलकर कथित तौर पर फायरिंग की योजना बनाई। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को अवैध पिस्टल, तमंचे और कारतूस के साथ बिना नंबर की स्कूटी उपलब्ध कराई गई और आरिफ उर्फ मूश को उसकी बस में जाते समय मौका मिलने पर गोली मारने के लिए कहा गया। 
सुनसान जगह तलाशते रहे, फिर चलती बस पर कर दी फायरिंग: पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 28 सितंबर को वे दिल्ली से चल रही बस का पीछा करते हुए आए थे। उनका इरादा किसी सुनसान स्थान पर फायरिंग करने का था, लेकिन ऐसा स्थान नहीं मिला। इसी दौरान स्कूटी का पेट्रोल खत्म होने के करीब था, इसलिए उन्होंने एक अपेक्षाकृत सुनसान स्थान देखकर फायरिंग कर दी। आरोपियों के कथित बयान के मुताबिक, बस के धीमे होते ही अनस ने पिस्टल से बस पर फायरिंग की, जिसमें दो लोग घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की तलाश की जानकारी मिलने पर दोनों हापुड़ की ओर चले गए और घटना के बाद छिपते-छिपाते वापस लौट रहे थे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने