गाजियाबाद। मुरादनगर थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से 97 पेटी अवैध शराब तथा एक स्कूटी बरामद करने का दावा किया है। मुरादनगर पुलिस टीम और आबकारी टीम संयुक्त रूप से 7 अक्टूबर 2026 को चेकिंग अभियान चला रही थीं। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना मुरादनगर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार उर्फ बब्बू सिंह उर्फ दीपक पुत्र हुकम सिंह तथा परशु सिंह पुत्र दिनेश सिंह निवासी मयूर विहार फेज-3 पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही से 97 पेटी अवैध शराब और एक स्कूटी बरामद की गई।
घर में शराब स्टोर करने की बात कही: पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उनके पास शराब बेचने का कोई लाइसेंस नहीं है। उन्होंने शराब की पेटियां अलग-अलग स्थानों से खरीदकर अपने घर में स्टोर कर रखी थीं और इन्हें गाजियाबाद में अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी में थे। इसी दौरान चेकिंग के दौरान दोनों आरोपी पकड़ लिए गए। बरामदगी के आधार पर थाना मुरादनगर में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) और 61(2) बीएनएस तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद
