कासगंज में एनडीआरएफ ने छात्रों को सिखाए आपदा से बचाव के गुर

राजरानी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगरिया में ड्रॉप-कवर-होल्ड, CPR, BLS और हेमलिच मैन्युवर का कराया व्यावहारिक अभ्यास

कासगंज।
आपदा के समय जान-माल के नुकसान को कम करने और विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद की टीम ने राजरानी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नगरिया में स्कूल सेफ्टी एवं आपदा जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम जिला प्रशासन के समन्वय एवं सहयोग से आयोजित किया गया।
टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को भूकंप के दौरान अपनाई जाने वाली ड्रॉप-कवर-होल्ड तकनीक, सुरक्षित निकासी, अग्नि सुरक्षा और प्राथमिक उपचार के बारे में जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को केवल जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि आपात स्थिति में उपयोगी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया।

कार्यक्रम में टीम ने सीपीआर और बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) का प्रदर्शन किया तथा विद्यार्थियों से इसका अभ्यास कराया। इसके अलावा गले में किसी वस्तु के फंसने की स्थिति में पीड़ित की सहायता के लिए हेमलिच मैन्युवर तकनीक का प्रदर्शन कर उसका अभ्यास भी कराया गया। एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को आकाशीय बिजली से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी प्राप्त करने के लिए सचेत (Sachet) और दामिनी (Damini) ऐप के उपयोग एवं महत्व के बारे में भी बताया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता, संयम और सूझबूझ से काम लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि आपदा से पहले की तैयारी, आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी और प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक ज्ञान संभावित जनहानि को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई सुरक्षा तकनीकों और सावधानियों की जानकारी अपने परिवार तथा आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं, जिससे व्यापक स्तर पर आपदा जागरूकता बढ़ाई जा सके।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रबंधक अक्षय भारद्वाज और प्रधानाचार्य जय प्रकाश मौर्य ने एनडीआरएफ टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा के व्यावहारिक उपायों का प्रशिक्षण दिया जाना बेहद उपयोगी है। विद्यालय प्रबंधन ने एनडीआरएफ की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने