चार महीने बाद भी दर्ज नहीं हुई चोरी की एफआईआर, व्यापारी थाने के चक्कर लगाने को मजबूर

दुकान से 12 हजार रुपये चोरी की सीसीटीवी फुटेज होने का दावा, शालीमार गार्डन पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

गाजियाबाद।
शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एन्क्लेव में एक व्यापारी की दुकान से 12 हजार रुपये चोरी होने के मामले में चार महीने बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं होने का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि घटना की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है। व्यापारी का कहना है कि वह लगातार थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अभी तक उसे कार्रवाई का इंतजार है।
विक्रम एन्क्लेव निवासी व्यापारी रमाकांत मिश्रा ने थाना शालीमार गार्डन में दी गई शिकायत में बताया कि 9 जून 2026 की शाम करीब सात बजे उनकी प्लॉट नंबर-124 स्थित दुकान पर दो व्यक्ति पहुंचे। शिकायत के अनुसार, इनमें से एक व्यक्ति उन्हें बातचीत में उलझाए रहा, जबकि दूसरा दुकान के गल्ले से करीब 12 हजार रुपये नकद निकालकर दोनों वहां से चले गए। कुछ समय बाद जब व्यापारी ने पैसे रखने वाला गल्ला चेक किया तो नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें कथित तौर पर दोनों संदिग्धों के दुकान से चोरी कर जाने की घटना दिखाई दी। व्यापारी का कहना है कि उनकी दुकान में इससे पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है।
सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद कार्रवाई का इंतजार: पीड़ित व्यापारी के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी और सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराई, लेकिन करीब चार महीने बीत जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उनका आरोप है कि वह कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार पुलिस के चक्कर लगा रहे हैं।
व्यापारी ने विक्रम एन्क्लेव चौकी प्रभारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि चौकी प्रभारी प्रमोद उनकी दुकान पर आते हैं और वहां पानी व ठंडा पीकर चले जाते हैं। व्यापारी के अनुसार, चौकी प्रभारी ने कथित तौर पर यह भी कहा कि उनकी सेवानिवृत्ति में करीब दो महीने बचे हैं, इसलिए वह ज्यादा चोरी के मुकदमे दर्ज नहीं कर सकते। पीड़ित व्यापारी ने थाना प्रभारी से चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। अब सवाल यह है कि सीसीटीवी फुटेज और लिखित शिकायत के बावजूद चार महीने से लंबित इस मामले में पुलिस कब एफआईआर दर्ज कर जांच आगे बढ़ाएगी?

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने