पार्षद रवि भाटी को मिली नगरायुक्त की मंजूरी: सड़क के दोनों ओर 2-2 मीटर बढ़ेगी चौड़ाई, फुटपाथ और हरियाली से बदलेगा मार्ग का स्वरूप
गाजियाबाद। वार्ड-37 के शालीमार गार्डन स्थित विक्रम एन्क्लेव की 80 फुट रोड के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य को लेकर पार्षद रवि भाटी ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से मुलाकात की। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लगे स्ट्रीट लाइट के खंभों को हटाकर मध्य डिवाइडर में नए डबल आर्म डिजाइनर स्ट्रीट लाइट पोल लगाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे नगर आयुक्त ने मंजूरी प्रदान कर दी। प्रस्ताव के अनुसार सड़क के दोनों ओर लगे मौजूदा स्ट्रीट लाइट के खंभे हटाए जाएंगे और डिवाइडर के बीचों-बीच डबल आर्म वाले नए स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएंगे। इससे सड़क के दोनों ओर अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा और 80 फुट रोड की चौड़ाई दोनों तरफ करीब 2-2 मीटर बढ़ाई जा सकेगी। सड़क चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ फुटपाथ एवं इंटरलॉकिंग का कार्य भी व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा। इसके अलावा मध्य डिवाइडर में पौधे लगाए जाने की योजना है, जिससे मार्ग पर हरियाली बढ़ने के साथ सड़क का सौंदर्यीकरण भी होगा।पार्षद रवि भाटी ने कहा कि स्ट्रीट लाइट के खंभों को डिवाइडर के बीच स्थानांतरित करने से सड़क के दोनों ओर उपलब्ध जगह का बेहतर उपयोग हो सकेगा। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क का स्वरूप भी अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक होगा। स्थानीय स्तर पर 80 फुट रोड के चौड़ीकरण को यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सड़क निर्माण, फुटपाथ, इंटरलॉकिंग और डिवाइडर में हरियाली का कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र की प्रमुख सड़क का स्वरूप काफी बेहतर होने की उम्मीद है।
Tags
गाजियाबाद
