गांधी-शास्त्री जयंती पर दौड़े युवा, बच्चों और जवानों ने दिया एकता, स्वच्छता व स्वस्थ जीवन का संदेश
कासगंज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर फरिदनगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद 5 किमी ओपन यूनिटी रन का आयोजन किया गया, जिसमें 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ के जवानों के साथ स्थानीय ग्रामीण बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।यूनिटी रन का शुभारंभ 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ के टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता एवं जनपद कासगंज के उप क्रीड़ा अधिकारी हरफूल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग में दुर्गेश ने प्रथम, शशिकांत ने द्वितीय और विवेक ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं महिला वर्ग में कुमारी रीता प्रथम, अंजू द्वितीय और रिषिका तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
युवाओं को राष्ट्रसेवा और फिटनेस का संदेश
आयोजन का उद्देश्य महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना रहा। साथ ही बच्चों और युवाओं को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, स्वच्छता, शारीरिक फिटनेस तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नियमित व्यायाम अपनाने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने “स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत” और “एकता में शक्ति” के संकल्प के साथ स्वस्थ, स्वच्छ एवं सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।


