लोनी के खानपुर मोड़ से पुलिस ने दबोचा, मृतका के परिजनों ने लगाया मारपीट और धमकी देने का आरोप
गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं घटना के बाद से मामले में वांछित चल रही थीं। पुलिस ने दोनों को खानपुर मोड़, रामपार्क से गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 को आदिल मलिक निवासी मिराज पार्क, सुधीर एन्क्लेव, थाना ट्रॉनिका सिटी ने तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि गुड्डी, महक, समीर व अन्य लोगों ने उसके और उसकी मां के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा मारपीट की। इसके बाद उसकी मां को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तहरीर के आधार पर ट्रॉनिका सिटी थाने में धारा 105, 115(2), 351(3) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर थाना ट्रॉनिका सिटी पुलिस टीम ने मुकदमे में वांछित गुड्डी पत्नी रिजवान और महक पुत्री रिजवान को खानपुर मोड़, रामपार्क से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी लोनी थाना क्षेत्र के अशोक विहार स्थित आदित्य सिटी में पानी की टंकी के पास रहने वाली हैं।
बेटी के ससुराल वालों को समझाने पहुंची थी गुड्डी
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, करीब 40 वर्षीय गुड्डी ने बताया कि वह रिश्ते में आदिल की चाची लगती है। उसकी बड़ी बेटी कनिका की शादी आदिल मलिक के साथ हुई है। गुड्डी का दावा है कि बेटी के ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे। इसी मामले को लेकर वह 1 अक्टूबर को अपनी छोटी बेटी महक और बेटे समीर के साथ बेटी के ससुराल पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, वहां दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक मामलों को लेकर कहासुनी के बाद विवाद और मारपीट हो गई। इसी दौरान आदिल की मां बीबी को चोट लग गई और बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और मौत का वास्तविक कारण क्या था, इसका निर्धारण जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।
Tags
गाजियाबाद
