कॉलेज आते-जाते समय युवती का पीछा करने को लेकर रंजिश, पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त तमंचा और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की
गाजियाबाद। लोनी थाना पुलिस ने सोनू हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे युवती का पीछा करने को लेकर उपजी रंजिश सामने आई है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी वांछित हैं।लोनी एसीपी राम किशन ने बताया कि 23 अक्टूबर 2026 को मृतक सोनू की हत्या के संबंध में लोनी थाने में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर जांच आगे बढ़ाई। लगातार प्रयासों के बाद घटना का 24 घंटे के भीतर अनावरण कर दिया गया।
एसीपी के अनुसार, घटना के बाद आरोपी पुलिस से बचते हुए फरार होने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सलमान पुत्र बेचेन और शोएब पुत्र मोमीन निवासी ग्राम चिरौड़ी लोनी और एक बाल अपचारी को पकड़ लिया। मामले में आदिम और बिजू को वांछित बताया गया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी सलमान ने बताया कि मृतक सोनू उसके एक मित्र की बहन के कॉलेज आने-जाने के दौरान उसका पीछा करता था। कथित तौर पर मना करने के बावजूद सोनू के नहीं मानने के कारण आरोपियों ने उसकी हत्या की योजना बनाई। एसीपी के अनुसार, योजना के तहत बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया। आरोपियों ने लोनी से नए कपड़े, जूते और चेहरा छिपाने के लिए अंगोछा खरीदा। इसके बाद शोएब ने सोनू को फोन कर दुकान पर बुलाया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उनके साथी वहां पहुंचे तथा गोली मारकर सोनू की हत्या कर फरार हो गए।
Tags
गाजियाबाद

