एक पर 32 और दूसरे पर 10 मुकदमे दर्ज, बैंक के आसपास रेकी कर लोगों को बनाते थे निशाना, स्कूटी की टक्कर का बहाना बनाकर उलझाते और रुपये लेकर हो जाते थे फरार
गाजियाबाद। थाना सिहानी गेट पुलिस ने टप्पेबाजी की घटनाओं में शामिल दो शातिर आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी विवेक और गौरव उर्फ गोलू के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से टप्पेबाजी के 4600 रुपये, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, विवेक के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में 32 और गौरव के खिलाफ 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बैंक से रुपये लेकर निकले व्यक्ति को बनाया था निशाना: एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, नंदग्राम थाना क्षेत्र के मूलचंद एन्क्लेव निवासी कुलदीप ने 13 अक्टूबर 2026 को थाना सिहानी गेट में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे वह अपने कार्यालय से नवयुग मार्केट स्थित एचडीएफसी बैंक में चेक जमा कराने गए थे। वहां से बाइक से मालीवाड़ा चौक पर विमल के पास भुगतान लेने जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने पीछे से टक्कर लगने की बात कहकर उन्हें उलझा लिया और उनके रुपये लेकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 0363/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
डीपीएस स्कूल के पास पुलिस से मुठभेड़: एसीपी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि पूर्व में हुई टप्पेबाजी की घटना में शामिल आरोपी दोबारा वारदात करने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने मेरठ रोड स्थित डीपीएस स्कूल के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी स्कूटी मोड़कर भागने लगे। पुलिस का आरोप है कि भागते समय उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
स्कूटी की टक्कर का बहाना बनाकर करते थे टप्पेबाजी: पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बैंकों के आसपास और लोगों की आवाजाही वाले स्थानों पर खड़े होकर ऐसे व्यक्तियों की पहचान करते थे, जिनके पास रुपये होने का अंदेशा होता था। इसके बाद स्कूटी से उनका पीछा करते और किसी उपयुक्त स्थान पर टक्कर लगने का बहाना बनाकर उन्हें बातचीत में उलझा लेते थे। इसी दौरान मौका पाकर उनके रुपये निकालकर फरार हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टप्पेबाजी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। हालांकि, अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की पुष्टि जांच के आधार पर की जाएगी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4600 रुपये, अप्रिलिया एसआर 175 सीसी स्कूटी, जिसका पंजीकरण नंबर यूपी14 जीजे 6550 है, दो तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
दिल्ली-एनसीआर में दर्ज हैं 42 मुकदमे: पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी विवेक पुत्र ऋषि निवासी मंगोलपुरी, दिल्ली के खिलाफ टप्पेबाजी, चोरी और लूट के 29 तथा आर्म्स एक्ट के तीन सहित कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, गौरव उर्फ गोलू पुत्र शिव कुमार निवासी मंगोलपुरी, दिल्ली के खिलाफ टप्पेबाजी और चोरी के सात तथा लूट के तीन सहित कुल 10 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
गाजियाबाद
