मजदूर सभा के पदाधिकारियों ने नेताजी के संघर्ष, सामाजिक न्याय और गरीबों के प्रति समर्पण को किया याद
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के लोनी शहर अध्यक्ष गुलशेर अल्वी के शहर कार्यालय पर शनिवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री पद्म विभूषण मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके राजनीतिक संघर्ष तथा जनसेवा के योगदान को याद किया।कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के राष्ट्रीय सचिव कमरुद्दीन सैफी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े जननेता थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज उठाने के लिए समर्पित किया। नेताजी की राजनीति का मूल आधार आम जनता की सेवा और कमजोर वर्गों को उनका अधिकार दिलाने का संघर्ष था।कमरुद्दीन सैफी ने कहा कि नेताजी का राजनीतिक सफर इटावा के सैफई से लेकर लखनऊ और देश की राजधानी दिल्ली तक फैला रहा। उन्होंने अपने संघर्ष और जनसंपर्क के बल पर व्यापक पहचान बनाई। गरीब और वंचित वर्ग के लोगों के बीच उनकी गहरी पकड़ रही और वे जनता के दिलों में विशेष स्थान रखते थे।
नेताजी का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा: नासिर अंसारी; समाजवादी मजदूर सभा के गाजियाबाद जिलाध्यक्ष हाजी नासिर अंसारी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की राजनीति और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री के रूप में भी मुलायम सिंह यादव का योगदान देश की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
समाजवादी विचारों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि: गुलशेर अल्वी; लोनी शहर अध्यक्ष गुलशेर अल्वी ने कहा कि नेताजी आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और संघर्ष की विरासत आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके बताए समाजवादी रास्ते, भाईचारे और संघर्ष के आदर्शों पर चलते हुए समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की मदद की जाएगी। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष नईम खान, रहीसुद्दीन सैफी, हाफिज शमशेर अंसारी, अनवर अल्वी, प्रकाश कुमार, जगदीप सिंह, रोशन अली सहित दर्जनों समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नेताजी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
Tags
गाजियाबाद

