चौथे दिन स्कूल के बच्चों और पेरेंट्स के लिए फ्री हेल्थ चेकअप कैंप लगा
साहिबाबाद। श्याम पार्क मेन की बाल शिक्षा संस्था आर्यन एकेडेमी जूनियर हाई स्कूल में 7 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘दुर्गा भाभी’ की याद में स्मृति सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन इस कॉलोनी की श्याम पार्क मेन दुर्गा भाभी महिला समिति के तत्वाधान में हो रहा है। उल्लेखनीय है कि देश की आजादी के लिए युवा क्रांतिकारियों के कंधे से कंधा मिलाकर मर-मिटने वाले को तैयार रहने वाली क्रांतिकारी वीरांगना दुर्गा भाभी का 7 अक्टूबर अवतरण दिवस है और 15 अक्टूबर, 1999 में को आयरन लेडी ने इस दुनिया से विदा ली थी। गाजियाबाद जनपद और यहाँ के वासियों का परम सौभाग्य रहा कि अमर शहीद दुर्गा भाभी ने अपने जीवन के अंतिम वर्ष राजनगर, गाजियाबाद में व्यतीत किया और इसी शहर में अंतिम सांस ली।देश की आजादी में क्रांतिकारी दुर्गा भाभी के अविस्मरणीय योगदान को देश कभी नहीं भुला पाएगा। क्रांतिकारी पार्टी के वरिष्ठ सदस्य और पति भगवती शरण वोहरा की एक विस्फोट में शहीद हो जाने के बाद दुर्गा भाभी भगतसिंह और चंद्रशेखर की संगठन की सक्रिय सदस्य बन गईं। दुर्गा भाभी क्रांतिकारियों को छुपने और खाने की व्यवस्था के अलावा हथियारों की व्यवस्था की कमान संभालती थीं। एक बार दमनकारी अंग्रेजी हुकूमत की गिरफ़्तारी से भगतसिंह बचाकर लाहौर से बाहर निकालने में मदद करने और पंजाब के पूर्व अंग्रेज गवर्नर हैली पर गोली चलाने के दुर्गा भाभी के अदम्य साहस ने उनको देश-दुनिया में अमर कर दिया है।
इस स्मृति सप्ताह के दौरान बच्चों को स्कूल के अध्यापक अध्यापिकाएँ बच्चों को भारत वर्ष के गौरवशाली इतिहास व संस्कृति का परिचय दिया जाता हैं। सुबह स्कूल की प्रार्थना में छात्र-छात्राएँ देशभक्ति भरी कविताओं और गीतों की प्रस्तुति से क्रांतिकारियों के प्रति अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हैं। कार्यक्रम की संयोजिका मण्डल के सदस्य विद्यालय की अध्यापिका सना सईद, प्रियंका जोशी, बबली वर्मा नेहा कुमारी के साथ दुर्गा भाभी महिला समिति से जया गुप्ता और भावना शर्मा ने बताया कि वीरांगना दुर्गा भाभी स्मृति सप्ताह की शुरुआत बुधवार दिनांक 7 अक्टूबर को करते हुए प्रथम दिवस के आयोजन में बच्चों ने देश की आजाद कराने में क्रांतिकारियों के महत्वपूर्ण योगदान पर चर्चा की और देश भक्ति के गीत पेश किए। दूसरे दिवस के आयोजन में स्कूल में ड्रॉइंग प्रतियोगिता राखी गई जिसमें बच्चों ने क्रांतिकारियों के चित्र बनाए गए। तीसरे दिवस स्वाधीनता की लड़ाई में शामिल देश के स्वाधीनता सेनानीयों के जीवन से जुड़े सवाल-जवाब के साथ क्विज का आयोजन हुआ।
इसी श्रंखला में शनिवार चौथे दिवस में देश भर में दांतों के उपचार के लिए प्रसिद्ध अस्पताल ‘क्लोव डेंटल’ और अपोलो हास्पिटल के डॉक्टरस की टीम ने स्कूल के बच्चों और पेरेंट्स के लिए फ्री हेल्थ चेकअप कैंप लगाया। जिसमें 64 लोगों ने डॉक्टरस के साथ अपनी समस्याएँ शेयर कीं और कैंप का लाभ उठाया। इस कैंप में दांतों, आँखों, ब्लड प्रेशर, शुगर से जुड़े बीमारियों के चेकअप और मेडिकल सलाह की सुविधा प्रदान की गई। दिल्ली में मेट्रो के बंद होने और सड़क यातायात व्यवस्था अवरुद्ध होने के कारण कैंप में आखों के डॉक्टरस की टीम इस कैम्प में नहीं पहुँच पाई। स्कूल के प्रबंध निदेशक ईशान गौड़ ने बताया कि उपरोक्त सभी कार्यक्रमों में भागीदारी कर रहे छात्र-छात्राओं को आयोजन के समापन दिवस में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
Tags
गाजियाबाद



