रायपुर गांव में निर्माण कार्य के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, दमकल की कई गाड़ियों ने पाया काबू
नोएडा। थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के सेक्टर-125 स्थित रायपुर गांव में शनिवार को एक फास्ट फूड की दुकान में निर्माण कार्य के दौरान भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते आसपास की पांच से छह अस्थायी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में दुकानें और उनमें रखा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की बात नहीं है।प्रारंभिक जांच के अनुसार, दुकानों में निर्माण कार्य के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने शुरुआत में आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग विकराल होने के कारण दमकल विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद दमकल की कई गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि शनिवार को थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के रायपुर गांव में चाय-नाश्ते और फास्ट फूड की दुकानों में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर कूलिंग की कार्रवाई भी की गई, ताकि दोबारा आग लगने की आशंका को समाप्त किया जा सके। वहीं, नोएडा के एडिशनल डीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि अस्थायी रूप से बनी दुकानों में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लग गई और तेजी से आसपास की दुकानों तक फैल गई। दमकल विभाग की कई गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
आग से प्रभावित दुकानदार सत्येंद्र कुमार ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक वे कुछ समझ पाते, तब तक दुकानें इसकी चपेट में आ चुकी थीं। उन्होंने बताया कि करीब छह दुकानें जल गईं और उनमें रखा सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के बाद दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है।
20 से ज्यादा घरेलू सिलेंडर मिले: आम आदमी घरेलू सिंलेंडर पाने के लिए एडी चोटी का जोर लगाना पड़ता है। कुछ माह पहले दिनभर लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नसीब नहीं हो रहा था। इसके दूसरी ओर व्यवसायिक काम करने वाले लोगों को जितने मर्जी चाहे उतने घरेलू सिलेंडर प्रतिष्ठान पर उपलब्ध हो जा रहे हैं। आपूर्ति और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है। इसकी बानगी शनिवार को नोएडा सेक्टर 125 में चाय-नाश्ते की छह दुकान में लगी आग के मामले में देखी जा सकती है। यहां पर अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस को 20 से ज्यादा घरेलू सिलेंडर मिले। इनमें से तीन सिलेंडर फट भी गए। इससे आग भड़की और आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया। इस लापरवाही की वजह से एक व्यक्ति की जान भी चली गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आठ सिलेंडर फटकर दो-दो, तीन-तीन टुकड़ों में बंट गए। यह फटकर काफी दूर तक गए। इसके चलते आग तेजी से फैली। आग ने आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया।
शिक्षण संस्थान के पास ही लापरवाही: सेक्टर 125 में जहां पर आग लगी। वहां पर नामी विश्वविद्यालय है। इसके आसपास ही इस तरह की लापरवाही हो रही थी। इंटरनेट मीडिया और लोगों के बीच नामी विश्वविद्यालय के कैंटीन में आग लगने की भी चर्चा रही, लेकिन पुलिस ने स्थिति स्पष्ट कर दी। सूत्रों की माने तो यहां पर भी विश्वविद्यालय के विद्यार्थी खाने पीने के लिए आते हैं। इसकी चपेट में कोई विद्यार्थी भी आ सकता था। एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
Tags
नोएडा



