कविनगर के कला धाम पार्क में लाइट लगाने की मांग, अंधेरे के कारण सुरक्षा को लेकर चिंता

दिनेश शर्मा ने नगर आयुक्त से पार्क में स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग की 

गाजियाबाद।
कविनगर स्थित कला धाम पार्क में रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्क में शाम होते ही अंधेरा छा जाता है, जिससे लोगों की सुरक्षा और असामाजिक गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ रही है। इस संबंध में केडी 24/11, कला धाम पार्क के सामने रहने वाले दिनेश शर्मा ने नगर निगम के नगर आयुक्त से पार्क में स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग की है।
दिनेश शर्मा राष्ट्रीय लोक दल के जिला सचिव तथा अखिल भारतीय औद्योगिक एवं व्यापार महासभा के युवा महानगर अध्यक्ष हैं। उन्होंने नगर आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके घर के ठीक सामने स्थित कला धाम पार्क में एक भी लाइट नहीं लगी है। इसके कारण शाम होते ही पार्क के मुख्य हिस्सों के साथ-साथ किनारों और कोनों में भी घना अंधेरा छा जाता है। उन्होंने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व पार्क में बैठकर नशा करते हैं, जिससे पार्क का वातावरण प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा पार्क के अंधेरे वाले हिस्सों में लोगों के बैठने के कारण परिवारों, महिलाओं और बच्चों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
दिनेश शर्मा के अनुसार, पार्क में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से बुजुर्गों और बच्चों को चलते समय ठोकर लगने का खतरा बना रहता है। वहीं, शाम के समय पार्क में आने वाली महिलाओं में भी सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है।
उन्होंने नगर आयुक्त से जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कला धाम पार्क में जल्द से जल्द पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग की है। उनका कहना है कि पार्क में उचित प्रकाश व्यवस्था होने से लोगों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और पार्क का उपयोग करने वाले स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने