शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत
महर्षि वाल्मीकि के आदर्श आज भी प्रासंगिक : यशपाल पहलवान
साहिबाबाद। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार को पप्पू कॉलोनी स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम, गली नंबर-6 से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में 31 झांकी ट्रॉली, 21 डीजे, 21 रथ के साथ ऊंट और घोड़े आकर्षण का केंद्र रहे। बैंड-बाजों की गूंज, महर्षि वाल्मीकि के जयकारों और श्रद्धालुओं के नाचते-गाते चलने से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए कई स्थानों पर जलपान की व्यवस्था भी की गई।आयोजकों में शामिल भाजपा पार्षद यशपाल पहलवान ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महर्षि वाल्मीकि के प्राकट्य दिवस को हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के जीवन और विचारों से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता, आपसी सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत किया जा सकता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन और उनके योगदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महर्षि वाल्मीकि ने अपने विचारों और रचनाओं के माध्यम से समाज को दिशा देने का कार्य किया। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने लोगों से महर्षि के बताए मार्ग पर चलने और समाज में एकता, भाईचारे तथा सद्भाव को मजबूत करने का आह्वान किया।
धार्मिक झांकियों ने मोहा मन: शोभायात्रा में महर्षि वाल्मीकि की झांकी के साथ राम दरबार, भगवान शिव, राधा-कृष्ण और भारत माता सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां शामिल रहीं। आतिशबाजी, सजे हुए रथ और ऊंट-घोड़ों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। शोभायात्रा के स्वागत में जगह-जगह श्रद्धालुओं को कोल्ड ड्रिंक और अन्य जलपान वितरित किए गए।
कई कॉलोनियों से होकर गुजरी शोभायात्रा: शोभायात्रा महर्षि वाल्मीकि आश्रम, गली नंबर-6 से शुरू होकर डीएलएफ कॉलोनी, भोपुरा चौक, 80 फुटा रोड, शालीमार गार्डन, विक्रम एन्क्लेव और छावड़ा कॉलोनी होते हुए पप्पू कॉलोनी की गली नंबर-1 पहुंची। इसके बाद वापस महर्षि वाल्मीकि आश्रम पहुंचकर शोभायात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में नागरिकों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और आयोजन में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
आयोजन में इनका रहा सहयोग: शोभायात्रा के आयोजन में पार्षद यशपाल पहलवान, समिति अध्यक्ष अनिल चौधरी, ओमकार कांगड़ा, राजपाल टॉक, अशोक वैद्य, संतराम छजलाना, युद्धवीर सिंह, त्रेशपाल, संजय जींद, सचिन बहोत, सुनील चंदेल, रवि छजलाना, दीपक पिहावल, जितेंद्र टॉक, सोनू भारती, ओमपाल पार्चा, प्रदीप चंदेल, सुभाष बोहर, भोला बोहरा, राजा चारण और पप्पू छपरौली सहित कॉलोनी के निवासियों का सहयोग रहा।
Tags
गाजियाबाद


