शालीमार गार्डन में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

आरोपी पर दर्ज हैं 16 मुकदमे,  चोरी की स्कूटी, आईफोन और तमंचा बरामद

साहिबाबाद।
शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने सोमवार रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमजद को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की स्कूटी और एक आईफोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद के विभिन्न थानों में 16 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस को देखकर स्कूटी मोड़कर भागने लगा आरोपी :
शालीमार गार्डन एसीपी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, 26 अक्टूबर की रात डीएलएफ चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ भगत सिंह चौक पर गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रैन बसेरा, विक्रम एन्क्लेव की ओर से एक स्कूटी सवार डीएलएफ क्षेत्र में आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह स्कूटी मोड़कर भागने लगा। भागते समय उसकी स्कूटी कब्रिस्तान के मोड़ पर गिर गई, जिसके बाद वह कब्रिस्तान के अंदर वाली गली में भागने लगा। पीछा कर रही टीम को नजदीक आता देख आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
दिल्ली से चोरी की गई थी स्कूटी :
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमजद पुत्र चांद मोहम्मद, निवासी 20 फुटा रोड, प्रेम नगर, आयशा मस्जिद के पास, थाना लोनी, गाजियाबाद के रूप में की है। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है।पुलिस के अनुसार, बरामद स्कूटी का नंबर DL 11PJ 8708 है। उसे जिपनेट पर जांचने पर पता चला कि स्कूटी दिल्ली के वजीराबाद थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। आरोपी के पास से एक आईफोन भी बरामद हुआ है। अमजद के खिलाफ गाजियाबाद के विभिन्न थानों में 16 मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने