पीएसी महानिदेशक आलोक सिंह ने किया 47वीं वाहिनी का निरीक्षण

नवसृजित म्यूजियम का उद्घाटन, रक्तदाताओं और पदक विजेता खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित

गाजियाबाद।
पीएसी उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह ने सोमवार, 26 अक्टूबर को 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाहिनी के विभिन्न प्रतिष्ठानों, आवासीय सुविधाओं, चिकित्सालय और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और व्यावसायिक दक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक, पीएसी मेरठ सेक्टर कल्पना सक्सेना और सेनानायक 47वीं वाहिनी पीएसी चारु निगम मौजूद रहीं। भ्रमण की शुरुआत में पुलिस महानिदेशक ने वाहिनी क्वार्टर गार्द पर सलामी ग्रहण की। पुलिस महानिदेशक ने मयूर संरक्षण केंद्र, जिम्नेजियम हॉल, बैडमिंटन हॉल, गृहिणी लाइन के एफ ब्लॉक एवं साधना ब्लॉक, वाहिनी चिकित्सालय, बार्बर शॉप, परिवहन शाखा, आरटीसी क्लास रूम एवं कार्यालय, सीपीसी कैंटीन, जी+11 और जी+9 बैरक तथा भोजनालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नवसृजित म्यूजियम का किया उद्घाटन : निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक ने वाहिनी परिसर में नवसृजित म्यूजियम का उद्घाटन किया। इस पहल को वाहिनी के इतिहास और उपलब्धियों को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके बाद पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह, डीआईजी कल्पना सक्सेना और सेनानायक चारु निगम ने पर्यावरण संरक्षण तथा मातृ सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत परिसर में पौधरोपण किया।
रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह: वाहिनी चिकित्सालय में निरीक्षण के अवसर पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। पुलिस महानिदेशक ने रक्तदान करने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए इसे मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने रक्तदाताओं के योगदान की सराहना की। पुलिस महानिदेशक ने वाहिनी के अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर पीएसी बल के महत्व, दायित्वों और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्षमता और व्यावसायिक दक्षता में निरंतर सुधार करने पर जोर दिया।
पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान, कर्मचारियों को कंबल वितरित: अखिल भारतीय खेल प्रतियोगिता में पदक जीतकर वाहिनी का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके अलावा वाहिनी में कार्यरत अस्थायी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को प्रोत्साहन एवं कल्याण के उद्देश्य से कंबल वितरित किए गए। इस अवसर पर उपसेनानायक बीएस वीर कुमार, वाहिनी चिकित्साधिकारी नरेश पाल सिंह, शिविरपाल सुरेंद्र कुमार, सूबेदार सैन्य सहायक सत्यबीर सिंह, सहायक शिविरपाल राजपाल सिंह सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने