सोशल मीडिया से नंबर लेकर पीड़ित को व्हाट्सऐप पर भेजे थे जान से मारने की धमकी वाले वॉयस मैसेज
गाजियाबाद। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बनकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सोशल मीडिया पर गैंग से जुड़ी रील और अन्य सामग्री से प्रभावित होकर अपने व्हाट्सऐप बिजनेस अकाउंट पर लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर लगाई थी। इसी पहचान का इस्तेमाल कर उसने एक व्यक्ति को वॉयस मैसेज भेजकर धमकी दी थी।
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को प्रताप विहार, विजयनगर निवासी आरव शर्मा को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप पर दो ऑडियो मैसेज मिले थे। इनमें भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। शिकायत के आधार पर विजयनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से हुई आरोपी की पहचान: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने क्राइम ब्रांच को जल्द खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद क्राइम ब्रांच की सर्विलांस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस ने बताया कि क्राइम ब्रांच और विजयनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान अंशुप्रताप प्रजापति पुत्र देवराज प्रजापति, निवासी अमौनी, लोया, थाना महाराजगंज, जनपद फैजाबाद (अयोध्या), उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया की रील से प्रभावित होकर बनाई गैंग की पहचान: पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2025 में काम करने के लिए पुणे गया था और वहां एक लॉजिस्टिक्स कंपनी में काम करता है। वह अपने दोस्तों के साथ पुणे में रहता है और इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करता है। पुलिस का दावा है कि आरोपी सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी रील और अन्य सामग्री से प्रभावित था। उसने अपने व्हाट्सऐप बिजनेस अकाउंट की प्रोफाइल पर लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर लगाई और अकाउंट के विवरण में गैंग का नाम लिखा था। पूछताछ में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह नशे की हालत में सोशल मीडिया से मोबाइल नंबर लेकर खुद को गैंग का सदस्य बताकर लोगों को धमकियां देता था। आरोपी ने 18 अक्टूबर को रात करीब 10:21 बजे सोशल मीडिया पर एक रील से प्राप्त नंबर पर दो वॉयस मैसेज भेजकर खुद को गैंग का सदस्य बताया और जान से मारने की धमकी दी थी।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई विजयनगर थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इस तरीके से अन्य लोगों को भी धमकियां दी थीं या नहीं।
Tags
गाजियाबाद
