शालीमार गार्डन में एक करोड़ की स्मैक बरामद, तीन युवक और एक महिला गिरफ्तार

थाना अध्यक्ष अवधेश त्रिपाठी के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 860 पुड़ियों समेत 969 ग्राम स्मैक जब्त; बिक्री के 1.74 लाख रुपये भी मिले
गाजियाबाद।
शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये कीमत की स्मैक बरामद की है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई इस कार्रवाई में तीन युवकों और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्मैक की 860 पुड़ियों समेत कुल 969 ग्राम मादक पदार्थ, बिक्री के 1 लाख 74 हजार 990 रुपये नकद, पीली धातु की तीन अंगूठियां और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
थाना अध्यक्ष अवधेश त्रिपाठी के प्रयासों और नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को इलाके में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस टीम ने 31 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर डीएलएफ शालीमार गार्डन स्थित एक फ्लैट में दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
महिला को गैंग की लीडर बता रहे आरोपी: 
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि समीन गैंग की लीडर है और दिल्ली से चोरी की स्मैक खरीदकर लाती है। इसके बाद वह आसपास के इलाकों में बिक्री के लिए उन्हें स्मैक उपलब्ध कराती थी। आरोपी स्मैक को छोटी-छोटी सफेद पुड़ियों में भरकर 300 से 400 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से नशा करने वालों को बेचते थे।
पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी स्मैक की बिक्री से प्राप्त हुई थी, जबकि तीन अंगूठियां भी इसी कमाई से खरीदी गई थीं। आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वे किराये के मकान में रहते थे और एक-दो महीने में अपना ठिकाना बदल लेते थे। जिस फ्लैट से उन्हें पकड़ा गया था, उसे भी उन्होंने करीब एक महीने पहले किराये पर लिया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान: 
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आयर्न (करीब 20 वर्ष), ईमामुद्दीन (करीब 19 वर्ष), इमरान (करीब 25 वर्ष) और समीन (करीब 32 वर्ष) के रूप में की है। इनमें मोहम्मद आयर्न और ईमामुद्दीन डीएलएफ शालीमार गार्डन, इमरान न्यू सीमापुरी दिल्ली और समीन डीएलएफ शालीमार गार्डन की निवासी बताई गई है। आरोपियों के स्थायी पते उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हैं।
इमरान और समीन का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपियों के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इमरान के खिलाफ लिंक रोड थाने में चोरी का एक और दिल्ली में चोरी के तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, समीन के खिलाफ सीमापुरी थाने में एनडीपीएस एक्ट का एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने