विश्व योगासन चैंपियनशिप की पदक विजेता ईशिका गुच्छैत को डिप्टी सीएम ने किया सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर किया था देश का नाम रोशन

साहिबाबाद।
अंतरराष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली राजेंद्र नगर स्थित स्वामी विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर की छात्रा ईशिका गुच्छैत को 37वें राष्ट्रीय खेलकूद समारोह में सम्मानित किया गया। नेहरू नगर स्थित दुर्गावती हेमराज टाह सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने ईशिका को सम्मानित कर उसकी उपलब्धि की सराहना की।
ईशिका ने 4 से 8 जून 2026 तक गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए थे। योगासन भारत की ओर से विश्व योगासन के सहयोग से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 70 से अधिक देशों के 500 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
दो स्पर्धाओं में स्वर्ण, एक में रजत पदक: 
प्रतियोगिता में ईशिका ने आचार्या नीलम रावत के मार्गदर्शन में आर्टिस्टिक पेयर्स और रिदमिक पेयर्स स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं, एथलेटिक ग्रुप योगासन में रजत पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सम्मान समारोह में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कैलाश राघव, प्रबंधक केशव कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम गुप्ता और प्रधानाचार्य जगदीश रघुवंशी ने ईशिका को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ईशिका की उपलब्धि विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उसकी सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी योग और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने