गाजियाबाद में द्वितीय राष्ट्रीय एसडीआरएफ सीबीआरएन प्रतियोगिता का शुभारंभ, आठ राज्यों की टीमें दिखाएंगी दमखम

रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु आपदाओं से निपटने की क्षमता परखेंगे जवान, 5 नवंबर को होगा समापन

गाजियाबाद।
राजनगर स्थित 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) परिसर में सोमवार को द्वितीय राष्ट्रीय एसडीआरएफ सीबीआरएन प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 2 से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अनिल बिष्ट ने किया। प्रतियोगिता में देश के आठ राज्यों की एसडीआरएफ टीमें हिस्सा ले रही हैं। 
प्रतियोगिता में राजस्थान, बिहार, हरियाणा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और गुजरात की एसडीआरएफ टीमें अपनी परिचालन क्षमता और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करेंगी। उद्घाटन समारोह में डीआईजी अनिल बिष्ट ने सभी प्रतिभागी टीमों का स्वागत करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु (सीबीआरएन) आपदाएं बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। ऐसी आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए आपदा प्रबंधन बलों का प्रशिक्षित, तकनीकी रूप से दक्ष और त्वरित प्रतिक्रिया देने में सक्षम होना बेहद जरूरी है। 
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से विभिन्न राज्यों के आपदा मोचन बलों को अपनी कार्यकुशलता, तकनीकी दक्षता, टीम भावना और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही अलग-अलग राज्यों की टीमें अपने अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा कर सकेंगी। इससे आपदा के समय विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने और बचाव अभियानों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। डीआईजी ने प्रतिभागियों से अनुशासन, खेल भावना और पूर्ण समर्पण के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जवानों की दक्षता और आपसी तालमेल ही आपदा के समय जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 
प्रतियोगिता का समापन समारोह 5 नवंबर को एनडीआरएफ के महानिदेशक की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार, पदक एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता देश की विभिन्न आपदा मोचन इकाइयों की पेशेवर दक्षता, तकनीकी क्षमता और आपसी समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने