फेसबुक के जरिए शुरू हुआ था अफेयर
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र में इंद्रपुरी दो नंबर नीलम फैक्टरी रोड स्थित मकान में सोमवार रात प्रेमी से मिलने उसके साथी के कमरे पर पहुंची एक विवाहित महिला की सिर पर ईंट से वारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप प्रेमी और उसके साथी पर लगा है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक महिला की पहचान 28 वर्षीय पिंकी के रूप में हुई है, जो मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थी। घटना के दौरान महिला का पति बुलंदशहर स्थित अपने गांव गया हुआ था। पुलिस ने महिला के पति को घटना की जानकारी दे दी है।मूल रूप से बुलंदशहर निवासी पिंकी (28) पति प्रमोद व दो बच्चों के साथ लोनी के इंद्रापुरी दो नंबर नीलम फैक्टरी रोड स्थित मकान में किराये पर रहती थीं। प्रमोद मजदूरी करके परिवार का लालन-पालन करते हैं। त्योहार के चलते प्रमोद बुलंदशहर गए हुए थे। पिंकी के बुलंदशहर के ही रहने वाले पिंटू से संबंध थे, जो इंद्रापुरी के पास एक फैक्ट्री में काम करता था। पिंकी की दोस्त शिवानी और पिंटू के साथी आर्यन के भी आपस में संबंध हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) लोनी बॉर्डर अमरदीप मौर्य ने बताया कि प्रमोद दीवाली पर अपने गांव गया हुआ था और पिंकी घर पर अकेली थी। पिंकी ने शिवानी से कहा था कि वह पिंटू से मिलना चाहती है। शिवानी ने आर्यन से बात की और कहा कि पिंकी और पिंटू तुम्हारे कमरे पर आएंगे। सोमवार रात पिंकी और पिंटू आर्यन के कमरे पर पहुंचे। वहां आर्यन भी मौजूद था। रात करीब 9 बजे पिंकी की किसी बात पर पिंटू और आर्यन गुस्सा हो गए। इसके बाद उन दोनों का पिंकी से झगड़ा हुआ और दोनों ने कथित तौर पर ईंट उठाकर पिंकी के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। हमले के बाद दोनों फरार हो गए। इस वारदात के दौरान पास में रहने वाले एक व्यक्ति ने कमरे से आता शोर सुनकर पुलिस को इसकी सूचना दी थी। एसीपी ने बताया कि पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान पिंकी को अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पति को सूचना दे दी गई है। पिंटू और आर्यन को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वारदात से पहले तीनों ने शराब पी थी: पुलिस के मुताबिक, कमरे से शराब की बोतल, गिलास और अन्य चीजें मिली हैं। आरोपियों ने बताया कि पिंकी के आने के बाद तीनों ने साथ में बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान नशे में पिंकी की किसी बात पर विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर हत्या कर दी। सूत्रों का कहना है कि पिंकी गर्भवती भी थी। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई।
Tags
गाजियाबाद
