मिठाई के साथ डिब्बे का वजन जोड़कर बेचने पर चार दुकानदारों को नोटिस

माप विधिक विज्ञान विभाग की जांच में घटतौली का खुलासा, दुकानदारों के चालान कर जुर्माने की कार्रवाई शुरू

गाजियाबाद।
त्योहारों के सीजन में मिठाई की बढ़ती मांग के बीच ग्राहकों को डिब्बे के वजन सहित मिठाई बेचने वाले दुकानदारों पर माप विधिक विज्ञान विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान चार मिठाई की दुकानों पर घटतौली पकड़ी। इन दुकानदारों को नोटिस जारी कर चालान किए गए हैं। त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में मिठाई की खरीदारी बढ़ गई है। इसी का फायदा उठाकर कुछ दुकानदार मिठाई के वास्तविक वजन के साथ डिब्बे का वजन भी जोड़कर ग्राहकों से पैसे वसूल रहे हैं। विभाग के निरीक्षण में यह अनियमितता सामने आई।
वरिष्ठ निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि मिठाई के वजन में डिब्बे का वजन शामिल कर उसकी बिक्री करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसा करने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। इसके लिए दो हजार से लेकर 10 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि विभागीय निरीक्षण के दौरान मसूरी बस स्टेशन के पास स्थित कौशिक मिष्ठान भंडार, हिंडन विहार के जमजम स्वीट्स और अब्बान स्वीट्स तथा मोरटी स्थित बालाजी स्वीट्स पर अनियमितता मिली। इन दुकानों पर मिठाई के वजन में डिब्बे का वजन भी शामिल किया जा रहा था। विभाग ने चारों दुकानदारों को नोटिस जारी कर उनके चालान किए हैं।
वरिष्ठ निरीक्षक ने अन्य मिठाई विक्रेताओं को भी चेतावनी दी है कि वे मिठाई बेचते समय डिब्बे का वजन अलग रखें और निर्धारित नियमों का पालन करें। ग्राहकों से भी अपील की गई है कि मिठाई खरीदते समय वजन की जांच अवश्य करें।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने